July 7, 2026

Damascus Blast: मैक्रों की सीरिया यात्रा के बीच दमिश्क में धमाके, फ्रांसीसी राष्ट्रपति सुरक्षित

0
Damascus Blast: मैक्रों की सीरिया यात्रा के बीच दमिश्क में धमाके, फ्रांसीसी राष्ट्रपति सुरक्षित

Damascus Blast: मैक्रों के दौरे के दौरान राजधानी में दो धमाके, जांच शुरू

Damascus Blast news: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की सीरिया यात्रा के दौरान मंगलवार को दमिश्क में अचानक हुए धमाकों ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया। राष्ट्रपति भवन में सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के साथ उनकी मुलाकात शुरू होने के समय फोर सीजन्स होटल के आसपास दो विस्फोट हुए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मैक्रों पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनका आधिकारिक कार्यक्रम बिना किसी बदलाव के जारी रहा।

सीरियाई अधिकारियों ने घटना पर तत्काल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया। वहीं, फ्रांसीसी राष्ट्रपति कार्यालय ने स्पष्ट किया कि धमाकों का मैक्रों की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा और उन्होंने निर्धारित कार्यक्रम के तहत सीरियाई राष्ट्रपति से मुलाकात की।

दमिश्क में कहां हुए धमाके?

सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, विस्फोट उस इलाके में हुए जहां स्थित फोर सीजन्स होटल में फ्रांसीसी राष्ट्रपति ठहरे हुए थे। हालांकि एलिसी पैलेस ने बताया कि मैक्रों ने धमाकों की आवाज भी नहीं सुनी और वह सीधे अपनी निर्धारित बैठक के लिए राष्ट्रपति भवन पहुंचे।

सीरियाई समाचार माध्यमों के अनुसार राजधानी दमिश्क के मध्य क्षेत्र में लगातार दो धमाकों की आवाज सुनाई दी। घटनास्थल से धुएं का बड़ा गुबार उठता देखा गया, जिससे आसपास के इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।

घटनास्थल से क्या जानकारी सामने आई?

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में एक वाहन आग की चपेट में दिखाई दे रहा है। सड़क पर खून के निशान भी नजर आए, हालांकि इन तस्वीरों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

घटना में कितने लोग हताहत हुए, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी जारी नहीं की गई है। किसी भी संगठन ने विस्फोटों की जिम्मेदारी लेने का दावा भी नहीं किया है।

ये भी पढ़ें: Jio vs Vi ₹189 Plan: 189 रुपये में किस कंपनी का रिचार्ज प्लान है ज्यादा फायदेमंद? जानें पूरा अंतर

कुछ दिन पहले भी हुआ था बड़ा विस्फोट

दमिश्क में यह घटना ऐसे समय हुई है जब कुछ दिन पहले न्याय भवन के पास स्थित एक कैफे में विस्फोटक उपकरण फटने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई थी और 20 लोग घायल हुए थे। लगातार हो रही ऐसी घटनाएं राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नए सवाल खड़े कर रही हैं।

मैक्रों की सीरिया यात्रा क्यों मानी जा रही है अहम?

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों सोमवार को सीरिया पहुंचे थे। वर्ष 2024 में बशर अल-असद के सत्ता से हटने के बाद किसी प्रमुख पश्चिमी देश के नेता की यह पहली सीरिया यात्रा मानी जा रही है।

इस यात्रा को पश्चिम एशिया की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। सीरिया दौरे के बाद मैक्रों तुर्किये की राजधानी अंकारा में होने वाले नाटो शिखर सम्मेलन में शामिल होंगे। इस सम्मेलन में सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा के शामिल होने की भी उम्मीद है, जहां उनकी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ प्रस्तावित मुलाकात पर भी नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *