Faridabad Ola Fire: फरीदाबाद में चलती ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर में लगी भीषण आग, कूदकर बची दो दोस्तों की जान
ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर में लगी भीषण आग
Faridabad Ola Fire: फरीदाबाद। दिल्ली से सटे औद्योगिक शहर फरीदाबाद के पल्ला थाना इलाके में सोमवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क पर दौड़ता हुआ एक ओला इलेक्ट्रिक स्कूटर अचानक धू-धू कर जलने लगा। यह हादसा उस समय पेश आया जब दो युवक बाजार से अपना काम निपटाकर घर लौट रहे थे। गनीमत यह रही कि स्कूटर से धुआं निकलता देख दोनों दोस्तों ने बिना वक्त गंवाए गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा किया और पीछे हट गए। युवकों की इस त्वरित सूझबूझ के चलते एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई।
अजीब सी आवाज आई और फिर उठने लगा धुआं
पल्ला थाना क्षेत्र के रहने वाले पीड़ित विशाल ने बताया कि उन्होंने करीब डेढ़ साल पहले 1.20 लाख रुपये की लागत से यह इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदा था। सोमवार रात करीब 10 बजे वह अपने एक दोस्त के साथ घरेलू काम से बाजार गए थे। वापसी में जैसे ही उनका स्कूटर सेहतपुर-अगवानपुर रोड पर सूर्यनगर फेज-2 के पास पहुंचा, अचानक स्कूटर के निचले हिस्से से बेहद अजीब और तेज आवाजें आने लगीं। विशाल ने अनहोनी की आशंका को भांपते हुए तुरंत स्कूटर की रफ्तार धीमी की और उसे सड़क किनारे रोक दिया।
बैटरी में हुए धमाके, दहशत में आए राहगीर
विशाल के मुताबिक, जैसे ही उन्होंने गाड़ी रोकी, वैसे ही स्कूटर के भीतर से तार और केबल जलने जैसी तीखी बदबू आने लगी और कुछ ही सेकंड में सीट के नीचे से गाढ़ा धुआं निकलने लगा। दोनों युवक तुरंत स्कूटर छोड़कर सुरक्षित दूरी पर जाकर खड़े हो गए। देखते ही देखते आग ने पूरे स्कूटर को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान स्कूटर की लिथियम-आयन बैटरी के फटने से कई छोटे-छोटे धमाके भी हुए, जिससे पूरी सड़क पर दहशत का माहौल बन गया और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्कूटर पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। मामले की जानकारी देते हुए पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि घटना में दोनों युवक पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्राथमिक तौर पर अंदेशा जताया जा रहा है कि बैटरी पैक या वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से यह आग लगी है। हालांकि, तकनीकी जांच और विशेषज्ञों की रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा।
यह भी पढ़ें–गुरुग्राम में सुंदरकांड पाठ पर मचा बवाल
