Faridabad Accident News: फरीदाबाद में तेज रफ्तार टैंकर ने ली युवक की जान, 9 महीने पहले हुई थी शादी, परिवार में कोहराम

फरीदाबाद में तेज रफ्तार टैंकर ने ली युवक की जान, 9 महीने पहले हुई थी शादी, परिवार में कोहराम
Faridabad Accident News: फरीदाबाद की सड़कों पर बेकाबू रफ्तार का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। सेक्टर-37 के पास एक भीषण सड़क हादसे में 27 वर्षीय ऑटोमोबाइल कंपनी कर्मचारी की दर्दनाक मौत हो गई। मदरसन कंपनी में नाइट शिफ्ट की ड्यूटी खत्म कर अपनी ससुराल दयालपुर जा रहे अंकुर कुमार की कार को दूध की सप्लाई करने वाले अमूल कंपनी के तेज रफ्तार टैंकर ने सामने से सीधी टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंकुर की अस्पताल पहुंचने से पहले ही सांसें थम गईं।
ड्यूटी निपटाकर ससुराल जा रहे थे अंकुर, रास्ते में मिला ‘काल’
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के रसूलपुर गांव के रहने वाले अंकुर कुमार (27) वर्तमान में आईएमटी फरीदाबाद में रह रहे थे। वे मदरसन कंपनी में कार्यरत थे। रविवार तड़के अपनी नाइट शिफ्ट पूरी करने के बाद वे अपनी कार से दयालपुर स्थित ससुराल के लिए निकले थे। जैसे ही वे सेक्टर-37 के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे अमूल के बेकाबू टैंकर ने उनकी गाड़ी को जोर से टक्कर मार दी। टक्कर की भीषण आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े और लहूलुहान हालत में अंकुर को कार से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
9 महीने पहले हुई थी शादी, खुशियां मातम में बदलीं
इस हृदयविदारक हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दिया है। अंकुर की शादी को अभी महज नौ महीने ही बीते थे। हादसे की भनक लगते ही नवविवाहिता पत्नी बेहोश हो गई, वहीं पिता और भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की खुशियां अभी घर में ठीक से सिमटी भी नहीं थीं कि इस हादसे ने पल भर में सब कुछ उजाड़ दिया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि आरोपी चालक को तुरंत गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज, चालक की तलाश तेज
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी टैंकर चालक वाहन समेत मौके से फरार होने में कामयाब रहा। मामले की जानकारी देते हुए आईएमटी चौकी इंचार्ज ने बताया कि पुलिस कर्मचारी पिंटू की देखरेख में मामले की गहन जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की एक टीम दुर्घटनास्थल और उसके आसपास के रूटों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी वाहन और उसके ड्राइवर का सुराग लगाकर उसे जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
यह भी पढ़ें– NDA 2 Exam 2026: देश सेवा का जज्बा, सेना में अफसर बनने के लिए युवाओं ने दी एनडीए परीक्षा
