Rohtak Crime: सांपला में बेरी रोड के पास मिला 40 साल के व्यक्ति का शव, हाथ पर बने ‘शेषनाग’ के टैटू से पहचान में जुटी पुलिस
सांपला में बेरी रोड के पास मिला 40 साल के व्यक्ति का शव, हाथ पर बने 'शेषनाग' के टैटू से पहचान में जुटी पुलिस
Rohtak Crime: रोहतक जिले के सांपला कस्बे में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब बेरी रोड स्थित फैक्ट्री एरिया के पास एक व्यक्ति का लावारिस शव पड़ा मिला। प्रधान ढाबे के समीप शव को देखते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई, जिसके बाद सांपला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मुआयना किया।
कलाई पर बना शेषनाग का टैटू बना पहचान का मुख्य सुराग
पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है, हालांकि उसके पास से ऐसा कोई कागजात या सामान नहीं मिला है जिससे उसकी पहचान तुरंत हो सके। छानबीन के दौरान पुलिस को मृतक के हाथ पर कलाई से थोड़ा ऊपर ‘शेषनाग’ की आकृति का एक टैटू बना हुआ मिला है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह टैटू मृतक की शिनाख्त कराने में एक बेहद अहम कड़ी साबित हो सकता है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज, आसपास के इलाकों में जारी की गई फोटो
मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी कृष्ण ने बताया कि कंट्रोल रूम के जरिए बेरी रोड पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। मृतक की पहचान के लिए आसपास के गांवों, फैक्ट्रियों और पड़ोसी जिलों के थानों में मैसेज भिजवा दिया गया है ताकि हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्टों से इसका मिलान किया जा सके।
शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए रोहतक पीजीआई के शव गृह में रखवा दिया गया है। जांच अधिकारी का कहना है कि मौत की असली वजह क्या रही—यह हादसा है, बीमारी या फिर कोई आपराधिक वारदात—इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और मृतक की शिनाख्त होने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर तफ्तीश आगे बढ़ा रही है।
यह भी पढ़ें– Faridabad News: फरीदाबाद में अलसुबह पुलिस एनकाउंटर, मवई नहर पर ताबड़तोड़ फायरिंग में दिल्ली के 2 बदमाश घायल
