Gurugram News: साइबर सिटी गुरुग्राम का पॉश इलाका एक बार फिर रोड रेज की सनसनीखेज वारदात से दहल उठा है। सेक्टर-71 स्थित सिग्नेचर एंडोर हाइट्स सोसाइटी के ठीक बाहर सुबह-सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ब्लैक कलर की महिंद्रा थार कार में सवार युवकों ने गुंडागर्दी की सारी हदें पार कर दीं।
सोसाइटी में रहने वाले 40 वर्षीय सिविल इंजीनियर धर्मेंद्र सुबह करीब सवा सात बजे अपनी नाइट ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे। तभी हिमाचल प्रदेश के नंबर (HP 90-8901) वाली एक थार कार आकर रुकी। संकरे रास्ते पर गाड़ी साइड करने को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी चंद मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गई।
कार से खींचकर तब तक पीटा, जब तक अधमरे नहीं हो गए
पीड़ित धर्मेंद्र पिछले 15 सालों से गुरुग्राम में रह रहे हैं और फिलहाल ‘एमआरजी बिल्डर’ में सिविल बिल्डिंग वर्क संभालते हैं। उन्होंने बताया कि थार सवार युवक इस कदर आगबबूला थे कि उन्होंने बात करने का मौका तक नहीं दिया। युवकों ने उन्हें जबरन कार से बाहर खींचा और सड़क पर गिराकर लात-घूंसों व थप्पड़ों की बरसात कर दी।
धर्मेंद्र खुद को बचाने के लिए हाथ जोड़कर गुहार लगाते रहे, लेकिन हमलावरों का दिल नहीं पसीजा। वे धर्मेंद्र को तब तक बेरहमी से पीटते रहे, जब तक कि वह अधमरे होकर सड़क पर नहीं गिर गए। इसके बाद आरोपी अपनी तेज रफ्तार थार लेकर मौके से फरार हो गए।
बालकनी से बना वीडियो आया सामने, गर्दन की हड्डी में फ्रैक्चर
इस पूरी हैवानियत का एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसे सोसाइटी के ही एक निवासी ने अपने फ्लैट की बालकनी से मोबाइल में रिकॉर्ड किया है। इसके अलावा सोसाइटी के मेन गेट पर लगे सिक्योरिटी कैमरों में भी यह वारदात कैद हुई है। चीख-पुकार सुनकर जब सिक्योरिटी गार्ड और स्थानीय लोग मौके पर दौड़े, तब तक आरोपी भाग चुके थे।
लहूलुहान हालत में धर्मेंद्र को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, धर्मेंद्र के सिर पर गहरी चोटें आई हैं और बेरहमी से हुई मारपीट के कारण उनकी गर्दन की हड्डी टूट (फ्रैक्चर) गई है। फिलहाल पीड़ित की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
बादशाहपुर पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी, आरोपियों की तलाश तेज
वारदात की सूचना मिलते ही बादशाहपुर थाना पुलिस एक्टिव हो गई है। पीड़ित धर्मेंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि थार कार के नंबर और मौके से मिले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावर युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों के ठिकानों का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

