Karnal News: 45 लाख का कर्ज लेकर ‘डंकी’ से गया था अमेरिका, दो दोस्तों को बचाते हुए करनाल के युवक की मौत
अमेरिका में करनाल के अर्शदीप ने पेश की बहादुरी की मिसाल; दोस्तों को मौत से निकाला, खुद गंवाई जान
Karnal News: हरियाणा के करनाल के 24 वर्षीय युवक अर्शदीप सिंह की अमेरिका की टाहो झील में डूबने से मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ झील में नहाने गया था। इस दौरान दो दोस्त पानी में डूबने लगे। अर्शदीप ने दोनों को बचा लिया, लेकिन खुद गहरे पानी से बाहर नहीं निकल सका। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
करनाल की विकास कॉलोनी निवासी अर्शदीप सिंह वर्ष 2023 में डंकी रूट के जरिए अमेरिका गया था। वह फ्रेस्नो शहर में अपनी बुआ-फूफा के पास रहकर उनके बेटे के साथ एक स्टोर में काम करता था।
मृतक के छोटे भाई शरणदीप ने बताया कि अर्शदीप अपने चार-पांच दोस्तों के साथ अमेरिका की टाहो झील घूमने गया था। नहाने के दौरान उसके दो दोस्त पानी में डूबने लगे। अर्शदीप ने पहले एक दोस्त को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद जब दूसरे दोस्त को डूबता देखा तो दोबारा पानी में कूद गया और उसकी भी जान बचा ली।
हालांकि, इस बार वह खुद गहरे पानी में फंस गया और बाहर नहीं निकल सका। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजन और रिश्तेदार शव को भारत लाने की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
परिवार के अनुसार, अर्शदीप को अमेरिका भेजने में करीब 45 लाख रुपये खर्च हुए थे। इसके लिए कर्ज भी लिया गया था। दो वर्ष पहले उसके पिता प्रगट सिंह का हार्ट अटैक से निधन हो चुका है। अब परिवार में मां, छोटा भाई और एक विवाहित बहन हैं। अर्शदीप ही परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहा था। उसका सपना विदेश में काम कर कर्ज चुकाने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने का था।
परिजनों ने सरकार और प्रशासन से अर्शदीप का शव जल्द भारत लाने में मदद की अपील की है।
यह भी पढ़ें– Haryana old age pension: अब बड़े बच्चे की उम्र देखकर बनेगी बुजुर्गों की पेंशन, फैमिली ID का नया नियम लागू
