Nilokheri News: नीलोखेड़ी। ग्रामीण अंचल को सुंदर, प्रदूषण मुक्त और सेहतमंद बनाने के इरादे से हरियाणा सरकार के ‘स्वच्छता सप्ताह-2026’ का मंगलवार को नीलोखेड़ी खंड में जोरदार आगाज हुआ। 14 जुलाई से शुरू होकर आगामी 20 जुलाई तक चलने वाले इस प्रदेशव्यापी अभियान का मुख्य ध्येय जन-भागीदारी के जरिए स्वच्छता को हर घर के रोजमर्रा के व्यवहार में शामिल करना है। जिला परिषद करनाल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अमित कुमार के दिशा-निर्देशों तथा खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) साहब सिंह के कुशल मार्गदर्शन में इस अभियान की रूपरेखा तैयार की गई है।
सीकरी, अरजेहेड़ी और दयानगर से उठी बदलाव की गूंज
अभियान के पहले दिन खंड समन्वयक रेनू की अगुवाई में ग्राम सीकरी, अरजेहेड़ी और दयानगर में विशेष जागरूकता चौपालों और रैलियों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में न केवल ग्रामीणों और महिलाओं ने बल्कि स्कूली बच्चों ने भी अपनी ऊर्जावान उपस्थिति दर्ज कराई।
चौपालों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने रोजमर्रा की जिंदगी में स्वच्छता के महत्व को रेखांकित किया। खंड समन्वयक ने ग्रामीणों को समझाया कि बीमारियों से बचने का सबसे आसान और कारगर तरीका अपने आसपास की सफाई है। उन्होंने लोगों को गीले और सूखे कचरे को घर पर ही अलग-अलग डिब्बों में रखने और नालियों या सड़कों पर गंदगी न बहाने की व्यावहारिक सीख दी।
नौनिहालों और बड़ों ने मिलकर लिया संकल्प
इस अभियान की सबसे खूबसूरत तस्वीर तब देखने को मिली जब सीकरी और आसपास के गांवों के स्कूली बच्चों ने हाथों में स्वच्छता की तख्तियां लेकर गलियों में नारे लगाए। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों और बच्चों ने सामूहिक रूप से हाथ आगे बढ़ाकर अपने गांव और गली को स्वच्छ व प्रदूषण मुक्त बनाए रखने की शपथ ली।
इस गरिमामयी शुरुआत के अवसर पर डॉ. कांता वर्मा, इंदु मैडम, धूम सिंह, मुकेश मलिक, ऊमा रानी, अजय कुमार, सतीश कुमार, रिशिपाल, विवेक कुमार और ग्राम सचिव विक्रम सहित भारी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने एकजुट होकर सुर मिलाया कि जब तक स्वच्छता जन-आंदोलन का रूप नहीं लेगी, तब तक स्वच्छ हरियाणा का सपना अधूरा रहेगा। प्रशासन ने सभी हलका वासियों से अपील की है कि वे इस एक सप्ताह के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़ें– करनाल में आबकारी विभाग फेल! मुख्य सड़क पर चल रहा था फर्जी शराब ठेका, पुलिस ने किया भंडाफोड़

