September 3, 2026

Panipat Crime: जमानत पर बाहर आते ही फिर खरीदा हथियार, पानीपत में कैराना से पिस्तौल लाने वाला बदमाश गिरफ्तार

0
Panipat Crime: जमानत पर बाहर आते ही फिर खरीदा हथियार, पानीपत में कैराना से पिस्तौल लाने वाला बदमाश गिरफ्तार

जमानत पर बाहर आते ही फिर खरीदा हथियार, पानीपत में कैराना से पिस्तौल लाने वाला बदमाश गिरफ्तार

Panipat Crime: औद्योगिक नगरी पानीपत में अपराध पर अंकुश लगाने में जुटी सीआईए-1 पुलिस टीम को एक और सफलता हाथ लगी है। सेक्टर-29 औद्योगिक क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस ने एक शातिर अपराधी को अवैध हथियार और कारतूस के साथ दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी की पैंट से एक लोड देसी पिस्तौल बरामद हुई।

पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में आरोपी की पहचान डाहर गांव (पानीपत) निवासी कौशल के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि पकड़ा गया आरोपी पुराना हिस्ट्रीशीटर है और महज दो महीने पहले ही अदालत से जमानत पर बाहर आया था।

पुलिस को देखते ही मोड़ा रास्ता, मुस्तैद सीआईए टीम ने दबोचा

सीआईए-वन प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने पूरी कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार शाम को उनकी टीम सेक्टर-29 इलाके में रूटीन गश्त और संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान फ्लौरा चौक की तरफ से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया।

सामने पुलिस की गाड़ी देखते ही युवक अचानक घबरा गया और उलटे पांव भागने लगा। युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देख सीआईए की टीम ने तुरंत तत्परता दिखाई और कुछ ही दूरी पर घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। जब पुलिसकर्मियों ने उसकी तलाशी ली, तो उसकी जींस की पैंट में छिपाकर रखी गई एक अवैध देसी पिस्तौल बरामद हुई। पिस्तौल की मैगजीन की जांच करने पर उसमें दो जिंदा कारतूस भी लोड मिले।

यूपी के कैराना से 35 हजार में खरीदा था हथियार

कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी कौशल ने अपने गुनाह कबूल करते हुए बताया कि उसने यह अवैध पिस्तौल और कारतूस करीब एक महीने पहले उत्तर प्रदेश के कैराना बाईपास पर एक अज्ञात युवक से 35 हजार रुपये में खरीदे थे। जमानत पर बाहर आने के बाद से ही वह इलाके में अपना खौफ पैदा करने और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में इस अवैध हथियार को अपने साथ लेकर घूम रहा था।

आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज, फिर पहुंचा जेल

सीआईए-1 प्रभारी के मुताबिक आरोपी कौशल का आपराधिक इतिहास काफी पुराना है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में मारपीट, फिरौती (रंगदारी) और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वह करीब दो महीने पहले ही एक मुकदमे में कोर्ट से जमानत मिलने पर जेल से बाहर आया था, लेकिन अपनी आदतों से मजबूर होकर उसने फिर से अपराध का रास्ता चुन लिया।

“आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इसके साथ ही कैराना के उस अज्ञात हथियार तस्कर का भी पता लगाया जा रहा है जिससे आरोपी ने यह पिस्तौल खरीदी थी।”
— इंस्पेक्टर वीरेंद्र, प्रभारी, सीआईए-1 पानीपत

यह भी पढ़ें– Narnaul News: नारनौल बाबा रामेश्वरदास मंदिर से प्राचीन आदमकद प्रतिमा गायब, श्रद्धालुओं को बाहर निकालकर बंद किए गेट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed