Panipat News: पानीपत में सनौली रोड स्थित तामशाबाद टोल प्लाजा पर मंगलवार रात दबंगई का नंगा नाच देखने को मिला। टोल टैक्स की पर्ची मांगने से झल्लाए तीन कार सवारों ने न सिर्फ टोल कर्मियों के साथ बदसलूकी की, बल्कि मारपीट और तोड़फोड़ की कोशिश भी की। अचानक हुए इस हमले में तीन टोल कर्मी घायल हो गए। पूरी वारदात टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।
बिना टैक्स दिए गाड़ियां निकालने पर भड़का विवाद
घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे की है। हरियाणा की तरफ से तीन कारें (उत्तराखंड, दिल्ली और हरियाणा नंबरों की) उत्तर प्रदेश की ओर जाने के लिए तामशाबाद टोल प्लाजा पर पहुंचीं। टोल कर्मचारी कमलजीत के मुताबिक, गाड़ियों में सवार लोग बिना टोल टैक्स चुकाए ही बैरियर पार करने की कोशिश कर रहे थे। जब वहां तैनात कर्मचारियों ने उन्हें रोका और पर्ची कटवाने को कहा, तो कार सवार गाली-गलौज करने लगे।
गाड़ियों में तोड़फोड़ और मारपीट, जान बचाकर भागे कर्मी
मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में हिंसक झड़प में बदल गया। कार सवार युवकों ने कर्मचारियों पर हमला बोल दिया और टोल के केबिन में तोड़फोड़ की कोशिश की। इस हमले में तीन टोल कर्मचारियों को चोटें आईं। मामला बिगड़ता देख जब टोल कर्मी पीछे हटे, तो आरोपियों ने फोन करके आसपास के गांवों से 50 से ज्यादा लोगों को मौके पर बुला लिया और वहां दहशत का माहौल बना दिया।
पुलिस ने तीनों कारें की जब्त, सीसीटीवी से पहचान जारी
टोल प्लाजा पर हंगामे की सूचना मिलते ही सनौली थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों संदिग्ध कारों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवियों की शिनाख्त की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

