सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी 15 अगस्त के लिए पुलिस हुई सजग, किरायेदारों का पुलिस सत्यापन करवाने की अपील।

जगमार्ग न्यूज। नारनौल
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। ऐसे में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह बिना सत्यापन किरायेदार रखने से बचें। अपने मकान, दुकान अथवा अन्य संपत्ति में रह रहे सभी किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं। यदि किसी किरायेदार का पुलिस सत्यापन अभी तक नहीं हुआ है अथवा लंबित है, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा करवाएं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कई बार आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति दूसरे शहर अथवा राज्य से आकर किराए के मकान में अपनी पहचान छिपाकर रहने लगते हैं और आपराधिक वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। यदि किरायेदार का सही नाम, पता, पहचान पत्र, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक जानकारी पुलिस के रिकॉर्ड में उपलब्ध हो, तो किसी भी आपराधिक घटना की स्थिति में पुलिस को संदिग्ध व्यक्ति तक पहुंचने में काफी मदद मिलती है।
15 अगस्त के मद्देनजर अपने यहां रह रहे प्रत्येक किरायेदार का पुलिस सत्यापन जरूर करवाएं। जिन किरायेदारों का सत्यापन पहले से हो चुका है, वे यह सुनिश्चित कर लें कि उपलब्ध जानकारी सही है। यदि कोई व्यक्ति बिना उचित पुलिस सत्यापन के किराए पर रह रहा है अथवा कोई मकान मालिक बिना सत्यापन के किरायेदार रखता है और बाद में वह व्यक्ति किसी आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, तो संबंधित नियमों के अनुसार मकान मालिक के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सकती है। इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और किरायेदार का सत्यापन समय रहते करवाएं।
किरायेदार सत्यापन में मकान मालिक की अहम जिम्मेदारी है कि वह किरायेदार का नाम, स्थायी पता, मोबाइल नंबर, पहचान संबंधी दस्तावेज, फोटो एवं अन्य आवश्यक जानकारी लेकर संबंधित पुलिस थाना में सत्यापन करवाएं। किरायेदार द्वारा दी गई जानकारी में किसी प्रकार की संदिग्धता पाए जाने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
किरायेदार का पुलिस सत्यापन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से करवाया जा सकता है। इसके लिए संबंधित पुलिस थाना में संपर्क किया जा सकता है तथा उपलब्ध ऑनलाइन नागरिक सेवाओं के माध्यम से भी सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
महेंद्रगढ़ पुलिस की आमजन से अपील
-अपने मकान में रहने वाले प्रत्येक किरायेदार का पुलिस सत्यापन करवाएं।
-बिना सत्यापन किसी व्यक्ति को किराए पर न रखें।
-किरायेदार की पहचान, पता एवं मोबाइल नंबर की सही जानकारी रखें।
-किरायेदार के संबंध में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
-15 अगस्त के मद्देनजर अपने आसपास किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को नजरअंदाज न करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। किरायेदार का समय पर पुलिस सत्यापन करवाकर आप स्वयं, अपने परिवार और पूरे समाज की सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
