Safe House सीजेएम ने किया सेफ हाउस, वृद्धाश्रम और नशा मुक्ति केंद्रों का औचक निरीक्षण

Safe House जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की चेयरपर्सन एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. रितु वाई.के. बहल के दिशा-निर्देशानुसार प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मैडम नीलम कुमारी ने मंगलवार पुलिस लाइन स्थित सेफ हाउस, नसीबपुर स्थित सेवा सीनियर सिटीजन होम, सिविल अस्पताल में स्थित नशा मुक्ति केंद्र व सिंघाना रोड स्थित ‘माधव नशा मुक्ति केंद्र’ का औचक निरीक्षण किया। सेफ हाउस के दौरे के दौरान उन्होंने वहां रह रहे कपल्स की सुरक्षा व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं व रजिस्टरों की जांच की तथा पुलिस अधिकारियों को कड़े सुरक्षा इंतजाम रखने के निर्देश दिए। वहीं, सेवा’ सीनियर सिटीजन होम में उन्होंने बुजुर्गों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और भोजन, स्वच्छता व चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लेते हुए प्रबंधकों को नियमित स्वास्थ्य जांच के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि प्राधिकरण द्वारा असहायों, बुजुर्गों व जरूरतमंदों को निशुल्क कानूनी सहायता दी जाती है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 15100 तथा जिला हेल्पलाइन नंबर 01282-250322 की जानकारी देते हुए कहा कि वंचित वर्गों और वृद्धजनों के अधिकारों की रक्षा व उन्हें बेहतर सुविधाएं देना ही प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य है।
सीजेएम नीलम कुमारी ने सिविल अस्पताल में स्थित नशा मुक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य, पुनर्वास, स्वच्छता, सुरक्षा, दवाइयों की उपलब्धता तथा भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया तथा मरीजों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और उन्हें नशे की लत त्यागकर समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों के साथ मानवीय व्यवहार करने, निर्धारित सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराने, नियमित काउंसलिंग आयोजित करने तथा रिकॉर्ड में पारदर्शिता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार को प्रभावित करता है, इसलिए समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए पीड़ितों का सही इलाज व पुनर्वास बेहद जरूरी है।
इसके बाद उन्होंने सिंघाना रोड स्थित माधव नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
