Tiranga vs 500 Note Viral: ‘तिरंगा या 500 का नोट?’ यूपी पुलिस के जवान ने दिया ऐसा जवाब, वायरल वीडियो ने जीता लाखों का दिल

'तिरंगा या 500 का नोट?' यूपी पुलिस के जवान ने दिया ऐसा जवाब, वायरल वीडियो ने जीता लाखों का दिल
Tiranga vs 500 Note Viral: स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) के मौके पर जहां पूरा देश देशप्रेम के रंग में रंगा नजर आता है, वहीं सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। सोचिए, अगर किसी रास्ते पर आपके सामने एक तरफ देश की आन-बान-शान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा रखा हो और दूसरी तरफ 500 रुपये का कड़कड़ाता नोट, तो आप किसे चुनेंगे? सुनने में यह सवाल सीधा लग सकता है, लेकिन एक कंटेंट क्रिएटर के इस सोशल एक्सपेरिमेंट ने समाज के अलग-अलग वर्गों की सोच और प्राथमिकताओं को उजागर कर दिया है।
यूपी पुलिस के जवान का दोटूक जवाब, जीता लोगों का दिल
वायरल वीडियो में जब क्रिएटर उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान विनोद कुमार पाण्डेय के पास पहुंचता है और उनके सामने 500 रुपये का नोट तथा तिरंगा रखकर एक विकल्प चुनने को कहता है, तो पुलिसकर्मी का जवाब दिल छू लेने वाला था। जवान ने बिना किसी झिझक और बड़े स्वाभिमान के साथ तिरंगे पर हाथ रखते हुए कहा, “हम तिरंगा चुनेंगे… पैसा क्यों दिखा रहे हो?” खाकी वर्दी वाले जवान का यह बेबाक अंदाज और देशप्रेम देखकर इंटरनेट पर लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
मजदूरों ने चुना तिरंगा, छात्र ने पकड़ा नोट – दिखी जिंदगी की जमीनी हकीकत
इस प्रयोग में केवल पुलिसकर्मी ही नहीं, बल्कि समाज के हर तबके के लोग शामिल हुए। मंदिर के पुजारी ने मुस्कुराते हुए तिरंगे को प्राथमिकता दी, तो वहीं दिन-रात पसीना बहाने वाले ई-रिक्शा चालकों और मजदूरों ने भी पैसों को दरकिनार कर राष्ट्रध्वज को ही चुना। हालांकि, एक साइकिल से जा रहे छात्र ने बिना किसी हिचकिचाहट के 500 रुपये का नोट चुन लिया, वहीं कुछ युवा असमंजस में दिखे। यह नजारा साफ दिखाता है कि देशभक्ति और आर्थिक जरूरतें कैसे हर इंसान के लिए अलग मायने रखती हैं।
48 लाख से ज्यादा व्यूज, कमेंट्स में छिड़ी व्यावहारिक बहस
View this post on Instagram
इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर ‘संतोष गुप्ता’ नाम के यूजर (@funny.one555) ने पोस्ट किया है। खबर लिखे जाने तक इसे 48 लाख से अधिक बार देखा जा चुका है और 1.8 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। वीडियो के कमेंट सेक्शन में यूजर्स की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। एक यूजर ने व्यावहारिक सोच दिखाते हुए लिखा, “मैं तो 500 रुपये का नोट ले लेता, फिर उसी पैसे से एक तिरंगा खरीदता और बाकी पैसे बचा लेता।” वहीं एक अन्य यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “कैमरा ऑन था इसलिए कई लोगों ने तिरंगा चुना, अगर कैमरा बंद होता तो शायद जवाब कुछ और होता।”
