Yamunanagar District Bar Election: यमुनानगर जिला बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। गुरुवार शाम प्रचार का शोर थमने के बाद प्रत्याशियों ने रातभर वकीलों से व्यक्तिगत संपर्क कर अंतिम गोटियां फिट कीं। आज 1 हजार 758 पंजीकृत अधिवक्ता मतदान में हिस्सा लेकर एसोसिएशन के 5 प्रमुख पदों पर किस्मत आजमा रहे 16 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला इलेक्ट्रॉनिक या बैलेट पर्चियों के जरिए करेंगे। चुनाव अधिकारी एडवोकेट गुरमेल सिंह मानीपुर और सहायक निर्वाचन अधिकारी एडवोकेट विक्रम प्रताप की देखरेख में निष्पक्ष मतदान कराया जा रहा है।
प्रधान पद पर सीधा मुकाबला, शाम 4:30 बजे से शुरू होगी मतगणना
चुनाव में सबसे ज्यादा दिलचस्पी प्रधान पद की सीट को लेकर बनी हुई है, जहां अधिवक्ता प्रदीप राठौर और दिनेश चौहान के बीच आमने-सामने की सीधी टक्कर है। निर्वाचन अधिकारियों के मुताबिक, सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 4 बजे तक जारी रहेगा। इसके तुरंत बाद, यानी शाम 4:30 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। वोटों की गिनती पूरी होते ही देर शाम तक चुनाव परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे, जिससे आज ही जिला बार एसोसिएशन को उसकी नई कार्यकारिणी मिल जाएगी।
2200 में से 1758 वकीलों को मिला मताधिकार, 7 महिला प्रत्याशी भी मैदान में
आउटगोइंग बार प्रधान विक्रांत सिंह चौहान के मुताबिक, जिला बार में कुल मिलाकर लगभग 2,200 वकील रजिस्टर्ड हैं, लेकिन बार कौंसिल के नियमों और सभी औपचारिकताएं पूरी करने वाले 1,758 अधिवक्ताओं को ही वोट डालने की पात्रता मिली है। इस बार के चुनाव में 7 महिला अधिवक्ता भी अपनी धाक जमाने उतरी हैं। हालांकि, प्रधान और महासचिव पद पर कोई महिला उम्मीदवार मैदान में नहीं है, लेकिन महिला आरक्षित उप-प्रधान, सह-सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर वे पुरुषों को कड़ी टक्कर दे रही हैं।
जानें किस पद पर किन उम्मीदवारों के बीच है मुकाबला
5 पदों के लिए हो रहे इस चुनाव में पदों का समीकरण काफी दिलचस्प है:
प्रधान पद: प्रदीप राठौर बनाम दिनेश चौहान।
महासचिव पद: पंकज शर्मा बनाम नितेश बंसल।
महिला आरक्षित उप-प्रधान: गरिमा सिंह खुराना, काजल ढांडा और रजनीश बाला के बीच त्रिकोणीय मुकाबला।
अनारक्षित उप-प्रधान: जसवीर राणा, धर्मवीर राठी और राकेश कुमार बरवाल।
आरक्षित सह-सचिव: सीमा कांबोज, शिवानी नागपाल और लक्ष्मी रानी।
कोषाध्यक्ष पद: सुमित सैनी, साहिल शर्मा और पूजा सिंघल के बीच मुकाबला।
प्रचार खत्म होने के बाद अब सभी प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। कचहरी परिसर में सुबह से ही गहमागहमी का माहौल है और सभी प्रत्याशी मतदान केंद्र के बाहर वोटरों को रिझाने की अंतिम कोशिशों में जुटे हैं।
यह भी पढ़ें– मोहन नगर चौक पर बस से उतरी 16 साल की किशोरी, ऊपर से गुजरा पिछला पहिया

