Yamunanagar Police Encounter: यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर में पुलिस सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले बदमाशों के खिलाफ शिकंजा कसता जा रहा है। देर शाम जिले के रादौर इलाके में सीआईए-2 (CIA-2) की टीम और वांछित अपराधियों के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ हो गई। कंजनू नहर पुल के पास हुई इस ताबड़तोड़ फायरिंग में तीन इनामी बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जबकि उनके चौथे साथी को पुलिस ने मौके पर ही घेराबंदी कर दबोच लिया। घायल बदमाशों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां भारी पुलिस बल तैनात है।
रिमांड पर चल रहे आरोपियों के कबूलनामे से बिछा जाल
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, थाना रादौर में दर्ज एफआईआर नंबर 133/2026 (लूट और आर्म्स एक्ट) के तहत हाल ही में गिरफ्तार किए गए आरोपी संदीप और नीरज फिलहाल सात दिन के पुलिस रिमांड पर हैं। सीआईए की गहन पूछताछ के दौरान इन दोनों ने अपने उन चार साथियों का कच्चा चिट्ठा खोल दिया, जो वारदात के बाद से फरार चल रहे थे। इन सुरागों के आधार पर पुलिस को खबर मिली कि फरार आरोपी रवि (निवासी इंद्री), सतबीर (निवासी गन्नौर, सोनीपत), पवन उर्फ पुन्ना और प्रवीण किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से रादौर क्षेत्र की तरफ आ रहे हैं।
नाकाबंदी देखते ही बदमाशों ने खोल दिया फायर
इस खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए सीआईए-2 और स्थानीय थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कंजनू नहर पुल के पास नाकेबंदी कर दी। कुछ ही देर में जब चारों आरोपी वहां पहुंचे, तो खुद को पुलिस के जाल में घिरा देख उन्होंने आत्मसमर्पण करने के बजाय सीधे फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की ओर से चलाई गईं गोलियां सीधे मोर्चे पर तैनात पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेटों पर जा लगीं, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और सभी जवान सुरक्षित रहे।
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई
बदमाशों की तरफ से सीधे हमले के बाद पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इस कार्रवाई में रवि, सतबीर और पवन उर्फ पुन्ना के पैरों में गोलियां लगीं और वे वहीं गिर पड़े, जबकि उनके चौथे साथी प्रवीण को पुलिस टीम ने बिना कोई मौका दिए दबोच लिया।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चारों आरोपी बेहद शातिर हैं और उन पर पहले से ही इनाम घोषित था। फिलहाल घायल बदमाशों का इलाज कराया जा रहा है और इनके पास से अवैध हथियारों की बरामदगी के साथ-साथ अन्य वारदातों के संबंध में कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में कानून के मुताबिक सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
यह भी पढ़ें–भिवानी में सजा काट रहे कैदी की हत्या

