August 8, 2026

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर महेंद्रगढ़ में सुरक्षा सख्त, बाछोद हवाई पट्टी और कार्यक्रम स्थल के 5 किलोमीटर दायरे में ड्रोन उड़ाने पर रोक

0
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर महेंद्रगढ़ में सुरक्षा सख्त, बाछोद हवाई पट्टी और कार्यक्रम स्थल के 5 किलोमीटर दायरे में ड्रोन उड़ाने पर रोक

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर महेंद्रगढ़ में सुरक्षा सख्त, बाछोद हवाई पट्टी और कार्यक्रम स्थल के 5 किलोमीटर दायरे में ड्रोन उड़ाने पर रोक

महेंद्रगढ़, 7 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आगामी 8 और 9 अगस्त के नारनौल दौरे को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था और जन-सुरक्षा बनाए रखने के लिए बाछोद हवाई पट्टी तथा नूनी शेखपुरा-सेक्टर मोड़ स्थित कार्यक्रम स्थल के 5 किलोमीटर के दायरे में सभी प्रकार के मानवरहित हवाई वाहनों यानी ड्रोन के उड़ने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

जिला प्रशासन ने ड्रोन नियम 2021 के तहत इस पूरे क्षेत्र को अस्थाई रूप से रेड जोन घोषित किया है। जिलाधीश अनुपमा अंजली ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत यह आधिकारिक आदेश जारी किए हैं। पुलिस अधीक्षक महेंद्रगढ़ की सिफारिश पर आपातकालीन स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना या अव्यवस्था को रोका जा सके।

यह पाबंदी 8 और 9 अगस्त को पूरी तरह प्रभावी रहेगी। हालांकि, पुलिस, सेना, वायु सेना और हरियाणा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सरकारी कार्यों में इस्तेमाल होने वाले ड्रोन पर यह नियम लागू नहीं होगा।

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि इस आदेश का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और इन दो दिनों के दौरान तय सीमा में ड्रोन का इस्तेमाल बिल्कुल न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed