Narnaul News: स्लम एरिया के बच्चों के लिए हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन

Narnaul News: महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा स्लम एरिया में रहने वाले बच्चों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए कबीर धर्मशाला एवं मोड़ा वाला मंदिर में एक मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया। इस शिविर के दौरान स्लम क्षेत्र के 51 बच्चों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने बच्चों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया। स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ बच्चों को दैनिक स्वच्छता, सही देखभाल और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति भी जागरूक किया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य सामाजिक और आर्थिक परिस्थितियों के कारण मूलभूत सुविधाओं से वंचित बच्चों तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। जिला बाल संरक्षण इकाई स्लम क्षेत्रों के बच्चों को चिह्नित कर उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा, शिक्षा और समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
जिला बाल संरक्षण अधिकारी संदीप ने बताया कि इकाई द्वारा पूर्व में ही इन बच्चों का सर्वे पूरा किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य जांच के उपरांत बच्चों के जरूरी सरकारी दस्तावेज तैयार करवाने के लिए भी आगे ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि जिले के प्रत्येक बच्चे को एक सुरक्षित, स्वस्थ और बेहतर वातावरण मिल सके।
