Chandigarh Railway Station: चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 12 दिन रहेगा चार-चार घंटे का ब्लॉक, कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदलेंगे
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 12 दिन रहेगा चार घंटे का ब्लॉक
Chandigarh Railway Station: चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य में तेजी लाने के लिए रेलवे प्रशासन ने अगस्त और सितंबर के दौरान 12 दिन चार-चार घंटे का ट्रैफिक एवं ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) ब्लॉक लेने का फैसला किया है। इस दौरान स्टेशन की कई लाइनों पर निर्माण कार्य होगा, जिससे कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म अस्थायी रूप से बदल दिए जाएंगे। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले स्टेशन पर होने वाली उद्घोषणाओं और इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित जानकारी जरूर देखने की अपील की है।
रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) की ओर से स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 और 4/5 पर पुनर्विकास कार्य कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के सुरक्षित संचालन के लिए रेलवे ने दो चरणों में ब्लॉक का कार्यक्रम तय किया है।
पहले चरण में 8, 12, 19, 26 और 31 अगस्त तथा 4 सितंबर को सुबह 10:10 बजे से दोपहर 2:10 बजे तक लाइन संख्या 4, 5, 6, 7 और 8 पर ब्लॉक रहेगा। दूसरे चरण में 10, 17, 21 और 28 अगस्त तथा 2 और 6 सितंबर को सुबह 9:45 बजे से दोपहर 1:45 बजे तक लाइन संख्या 6, 7 और 8 पर ट्रैफिक एवं ओएचई ब्लॉक लिया जाएगा।
ब्लॉक के दौरान कई ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले जाएंगे। चंडीगढ़-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस (12046) अब प्लेटफॉर्म-6 के बजाय प्लेटफॉर्म-2 से चलेगी। अमृतसर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (14542) और सहरसा-अमृतसर जनसाधारण एक्सप्रेस (15531) प्लेटफॉर्म-1 पर आएंगी। जन शताब्दी एक्सप्रेस (12058) प्लेटफॉर्म-2 की जगह प्लेटफॉर्म-3 से संचालित होगी। इसके अलावा कालका-दिल्ली एक्सप्रेस (14332), कालका-अंबाला पैसेंजर (54532) और अमृतसर-लखनऊ एक्सप्रेस (14616) सहित अन्य ट्रेनों के प्लेटफॉर्म भी अस्थायी रूप से बदले गए हैं। रेलवे ने बताया कि नंगल डैम-अंबाला पैसेंजर (64516) फिलहाल 31 अगस्त तक रद्द है और उसके बाद उसका प्लेटफॉर्म बदला जाएगा।
इसके अलावा डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (15903) को 10, 17, 24 और 31 अगस्त तथा 4 सितंबर को सहारनपुर-चंडीगढ़ रेलखंड के बीच करीब 60 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा, जिससे उसके निर्धारित समय पर असर पड़ सकता है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों को आधुनिक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के प्लेटफॉर्म और समय की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
