Ambala News: अंबाला में हिंदू नेता गुरसिमरन सिंह मंड पर जानलेवा हमला, पंजोखरा साहिब के बाहर निहंगों ने घेरी गाड़ी, घोड़ों से पीछा कर पीटा
अंबाला में हिंदू नेता गुरसिमरन सिंह मंड पर जानलेवा हमला, पंजोखरा साहिब के बाहर निहंगों ने घेरी गाड़ी
Ambala News: हरियाणा के अंबाला से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लुधियाना से ताल्लुक रखने वाले हिंदू समर्थक नेता और इंटरनेशनल एंटी खालिस्तानी टेररिस्ट फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरसिमरन सिंह मंड पर असामाजिक तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना प्रसिद्ध गुरुद्वारा पंजोखरा साहिब के ठीक बाहर की है, जहाँ मंड गुरु हरकिशन साहिब जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय समागम में माथा टेकने पहुँचे थे। वाई-श्रेणी (Y-Category) की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हुए इस हमले के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया है।
गाड़ी पर चढ़कर तोड़े शीशे, खून से लथपथ होकर खेतों की ओर भागे मंड
घटना के सामने आए खौफनाक वीडियो में देखा जा सकता है कि सफेद रंग की इनोवा कार में मौजूद गुरसिमरन सिंह मंड को दर्जनों लोगों की भीड़ ने घेर लिया। पारंपरिक हथियारों से लैस निहंगों ने गाड़ी के बोनट और विंडशील्ड पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए। गाड़ी का शीशा चकनाचूर होने से मंड के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं और वह खून से लथपथ हो गए। किसी तरह सुरक्षाकर्मियों की मदद से गाड़ी से बाहर निकलने के बाद जान बचाने के लिए मंड पास के खेतों की तरफ भागे, लेकिन हमलावरों ने घोड़ों पर सवार होकर खेतों तक उनका पीछा किया और दोबारा मारपीट की।
मूकदर्शक बनी रही पुलिस, पैर पकड़कर मांगते दिखे माफी
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे हैरान करने वाला पहलू पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल हैं। वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि मौके पर कुछ पुलिसकर्मी तैनात थे, लेकिन वे उग्र भीड़ को रोकने या मंड को सुरक्षा घेरे में लेने में नाकाम रहे। बाद में बेहद लाचार स्थिति में दिख रहे गुरसिमरन सिंह मंड हमलावरों के सामने हाथ जोड़कर और पैर पकड़कर माफी मांगते नजर आए। काफी देर चले इस हंगामे के बाद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह बीच-बचाव कर उन्हें भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया।
पुलिस जांच में जुटी, इलाके में पुलिस बल तैनात
फिलहाल इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है कि इस अचानक हुए हमले और उग्र नाराजगी की मुख्य वजह क्या थी। हालांकि, गुरसिमरन सिंह मंड अपने तीखे बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। घटना के बाद अंबाला पुलिस और स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ऐहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें– इस्तीफा मांगने वालों पर अनिल विज का पलटवार: बोले ‘अंबाला मेरा घर, जनता का नुकसान नहीं होने दूंगा’
