Kanwar Yatra Advisory: कांवड़ यात्रा पर एसपी कमलदीप गोयल का कड़ा निर्देश, कांवड़ियों को दें प्राथमिकता, वाहन चालक बरतें सावधानी
कांवड़ यात्रा पर एसपी कमलदीप गोयल का कड़ा निर्देश, कांवड़ियों को दें प्राथमिकता, वाहन चालक बरतें सावधानी
Kanwar Yatra Advisory: संजीव चौहान (यमुनानगर) सावन के पवित्र महीने में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौटने वाले कांवड़ियों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। सड़कों पर उमड़ रहे श्रद्धालुओं के जनसैलाब को देखते हुए जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और बिना किसी बाधा के संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने पुलिस प्रवक्ता के माध्यम से आम जनता और खासकर वाहन चालकों से धैर्य, संयम और सतर्कता बरतने की विशेष अपील की है।
निर्धारित किए गए अलग मार्ग, सुरक्षा बल तैनात
एसपी कमलदीप गोयल ने जानकारी दी कि 30 जुलाई से शुरू हुई इस वार्षिक कांवड़ यात्रा के सुचारु संचालन के लिए जिला पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कांवड़ियों के लिए अलग से मार्ग (डेडिकेटेड लेन) तय किए गए हैं। प्रमुख सड़कों, संवेदनशील चौराहों और जगह-जगह लगाए गए कांवड़ शिविरों पर भारी पुलिस बल के साथ-साथ यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था दुरुस्त रहे और जाम की स्थिति न बने।
थाना प्रभारियों को दिए सख्त निगरानी के निर्देश
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों और ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख मार्गों पर 24 घंटे पैनी नजर रखें। ड्यूटी पर तैनात जवानों को संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम करने को कहा गया है ताकि श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान हो और आम नागरिकों को भी आवाजाही में परेशानी न उठानी पड़े।
‘कांवड़ जत्थे को दें रास्ता, गति सीमा का रखें ध्यान’
वाहन चालकों को विशेष हिदायत देते हुए एसपी ने कहा कि जिन रास्तों से कांवड़ यात्री गुजर रहे हैं, वहां बेहद सावधानी से वाहन चलाएं। यदि सामने से या आसपास से कांवड़ियों का कोई जत्था गुजर रहा हो, तो अपने वाहन की रफ्तार धीमी कर लें या जरूरत पड़ने पर कुछ देर के लिए रोक दें। किसी भी मोड़, कट या डायवर्जन पर जल्दबाजी न दिखाएं और श्रद्धालुओं को पहले निकलने की प्राथमिकता दें।
एसपी कमलदीप गोयल ने दोहराया कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की अगाध आस्था से जुड़ा पर्व है। ऐसे में हर नागरिक का यह सामाजिक दायित्व है कि वह पुलिस और प्रशासन का सहयोग करे। थोड़ी सी सावधानी और सब्र से किसी भी अप्रिय घटना या सड़क हादसे को टाला जा सकता है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में फायर कर्मचारियों की हड़ताल 11 अगस्त तक बढ़ी, 6 महीने बाद भी शहीद फायरमैन के परिवारों को नहीं मिला न्याय
