Gurugram News: गुरुग्राम में क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन, हिमांशु भाऊ और दीपक नांदल गैंग के 6 गुर्गे गिरफ्तार

गुरुग्राम में क्राइम ब्रांच का बड़ा एक्शन, हिमांशु भाऊ और दीपक नांदल गैंग के 6 गुर्गे गिरफ्तार
Gurugram News: साइबर सिटी गुरुग्राम में किसी बड़ी गैंगवार या संगीन वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे अंतरराज्यीय गिरोह के छह शातिर बदमाशों को क्राइम ब्रांच की टीम ने धर दबोचा है। पकड़े गए सभी आरोपी विदेशों में बैठकर हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में अपना खौफ फैलाने वाले कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल और हिमांशु भाऊ गैंग के गुर्गे बताए जा रहे हैं। पुलिस की इस तत्परता से इलाके में होने वाली एक बड़ी खूनी वारदात टल गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रोहतक के कमला नगर का रहने वाला योगेश उर्फ कछुआ, शुभम सिक्का, प्रीत विहार का संदीप हुड्डा, मैना गांव का रोहित उर्फ शक्ति, नांदल गांव का बलविंदर उर्फ सोनू, माकडोली का सुरजीत और दिल्ली के पश्चिम विहार का रहने वाला गौरव अरोड़ा शामिल हैं। 30 से 35 वर्ष की आयु वर्ग के ये सभी बदमाश पिछले काफी समय से गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस के राडार पर थे।
सोशल मीडिया के जरिए विदेश से मिल रहे थे निर्देश
प्रारंभिक पूछताछ में चौंकाने वाली बात सामने आई है कि ये सभी आरोपी सोशल मीडिया ऐप और एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म्स के जरिए विदेश में बैठे अपने आकाओं के संपर्क में थे। दीपक नांदल और हिमांशु भाऊ विदेशों से ही इन्हें टारगेट की जानकारी, ठिकाने और हथियारों की सप्लाई मुहैया करा रहे थे। पुलिस टीम अब इस बात की कड़ियां जोड़ रही है कि एनसीआर में किस व्यापारी या विरोधी गैंग का गुर्गा इनके निशाने पर था।
पकड़े गए आरोपियों का बैकग्राउंड पूरी तरह से आपराधिक गतिविधियों से भरा हुआ है। इनमें से अकेले बलविंदर उर्फ सोनू पर रंगदारी, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे 17 से ज्यादा संगीन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, योगेश उर्फ कछुआ पर 8, संदीप पर 2 और रोहित पर 2 आपराधिक केस पहले से दर्ज हैं। यह गिरोह एनडीपीएस एक्ट और अपहरण जैसे अपराधों में भी लंबे समय से सक्रिय रहा है।
एसीपी क्राइम करेंगे मामले का विस्तृत खुलासा
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस विभाग इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में जुटा है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि जिन अवैध हथियारों का जखीरा इनसे बरामद हुआ है, उसकी खेप कहां से और किस रूट के जरिए हरियाणा तक पहुंचाई गई थी।
इस पूरे बड़े ऑपरेशन की औपचारिक जानकारी देने के लिए एसीपी क्राइम-2 ललित दलाल प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं। इस दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा आरोपियों से बरामद हथियारों की सूची, उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और रिमांड के दौरान होने वाले खुलासों की विस्तृत जानकारी मीडिया के साथ साझा की जाएगी।
यह भी पढ़ें– Haryana News: 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन, सीएम नायब सैनी ने दी मंजूरी
