August 12, 2026

Sonipat News: सोनीपत के गन्नौर में चोरों का तांडव, एक ही रात दो दुकानें और मंदिर साफ, CCTV में कैद हुई वारदात

0
Sonipat News: सोनीपत के गन्नौर में चोरों का तांडव, एक ही रात दो दुकानें और मंदिर साफ, CCTV में कैद हुई वारदात

सोनीपत के गन्नौर में चोरों का तांडव, एक ही रात दो दुकानें और मंदिर साफ, CCTV में कैद हुई वारदात

Sonipat News: सोनीपत के गन्नौर इलाके में बेखौफ बदमाशों ने कानून-व्यवस्था और पुलिस गश्त के दावों की धज्जियां उड़ाते हुए एक ही रात में चोरी की तीन बड़ी वारदातों को अंजाम दे डाला। नगरपालिका रोड पर स्थित दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और एक धार्मिक स्थल को निशाना बनाकर चोर हजारों रुपये की नकदी और सामान समेटकर रफूचक्कर हो गए। मुख्य बाजार के बीचों-बीच हुई इस सिलसिलेवार सेंधमारी से स्थानीय व्यापारियों में भारी दहशत और आक्रोश व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गिरोह ने सबसे पहले ‘जिम बेकर्स’ नाम की बेकरी को अपना निशाना बनाया। चोर बड़े ही शातिराना अंदाज में छत के रास्ते दुकान के भीतर दाखिल हुए और गल्ले में रखी नकदी खंगाल डाली। बेकरी में तोड़फोड़ करने के साथ ही चोरों ने वहां रखी गौशाला की दानपेटी को भी तोड़ दिया और उसमें रखे करीब ₹3,000 निकाल लिए।

खिड़की तोड़ी, सीढ़ी लगाई: बेखौफ होकर एक के बाद एक दिए वारदात को अंजाम

बेकरी साफ करने के बाद चोरों ने पास में ही स्थित ‘ओम इलेक्ट्रिकल’ की दुकान में दस्तक दी। यहां आरोपी पहली मंजिल की खिड़की तोड़कर भीतर घुसे और गल्ले में रखे हजारों रुपये समेट लिए। इतने पर भी जब मन नहीं भरा, तो बदमाशों ने पास के संत रविदास मंदिर का रुख किया। वहां छत से सीढ़ी लगाकर नीचे उतरे चोरों ने मंदिर का दानपात्र तोड़ दिया और उसमें श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई दान राशि लेकर चंपत हो गए। धार्मिक स्थल में हुई इस चोरी से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं।

यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें आरोपियों की संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। गन्नौर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

व्यापारियों का पुलिस पर फूटा गुस्सा, दी धरने की चेतावनी

एक ही रात में तीन जगह हुई चोरी की घटना से गन्नौर का व्यापारिक समुदाय बेहद गुस्से में है। गन्नौर व्यापार मंडल के अध्यक्ष संदीप सिंघल ने पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अगर पुलिस ने जल्द से जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे नहीं भेजा, तो व्यापारी वर्ग सड़कों पर उतरकर धरना देने को मजबूर होगा। वहीं दुकानदार महेश और हार्दिक ने कहा कि बाजार में रात्रि गश्त नाममात्र की रह गई है। अगर पुलिस समय रहते मुस्तैदी दिखाती, तो चोरों के हौसले इतने बुलंद न होते।

यह भी पढ़ें– Haryana News: 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन, सीएम नायब सैनी ने दी मंजूरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed