Sonipat News: सोनीपत स्टेशन पर दोस्तों की शर्त पड़ी भारी, मालगाड़ी पर चढ़ते ही हाईटेंशन तार की चपेट में आया 16 वर्षीय किशोर

सोनीपत स्टेशन पर दोस्तों की शर्त पड़ी भारी, मालगाड़ी पर चढ़ते ही हाईटेंशन तार की चपेट में आया 16 वर्षीय किशोर
Sonipat News: सोनीपत रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह दोस्तों के बीच लगी एक छोटी सी शर्त जिंदगी और मौत के बीच का फासला बन गई। बसोदी गांव का 16 वर्षीय हर्षित अपने दोस्तों के साथ प्लेटफॉर्म पर मौजूद था। एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक जाने के लिए सुरक्षित फुटओवर ब्रिज का इस्तेमाल करने के बजाय युवकों के बीच मालगाड़ी के ऊपर से गुजरने की बेवकूफाना शर्त लग गई। इसी शर्त को पूरा करने की होड़ में हर्षित जैसे ही खड़ी मालगाड़ी की बोगी पर चढ़ा, ऊपर से गुजर रही 25 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से उसका सिर टकरा गया।
जीआरपी से मिली जानकारी के मुताबिक घटना सुबह करीब 10:40 बजे की है। दिल्ली से पानीपत की ओर जाने वाली एक मालगाड़ी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर खड़ी थी। शर्त जीतने की धुन में हर्षित बोगी की सीढ़ियों के सहारे ऊपर चढ़ा और जैसे ही बोगी की छत के बीचों-बीच पहुंचा, उसका सिर ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) बिजली के तार से छू गया। जोरदार धमाके के साथ उसे करंट का तगड़ा झटका लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, किशोर को दो बार बिजली के झटके लगे, जिसके बाद वह बोगी पर ही तड़पने लगा और कुछ ही सेकेंडों में धड़ाम से नीचे रेलवे लाइन पर जा गिरा।
हादसा होते ही दुम दबाकर भागे दोस्त, जीआरपी ने पहुंचाया अस्पताल
हर्षित को तड़पता और नीचे गिरता देख उसके साथ आए तथाकथित दोस्त मदद करने के बजाय मौके से भाग खड़े हुए। गनीमत यह रही कि जिस वक्त हर्षित ट्रैक पर गिरा, उस लाइन पर कोई दूसरी ट्रेन नहीं आ रही थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। वहां मौजूद यात्रियों ने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी के एएसआई विकास शर्मा की टीम मौके पर पहुंची और लहूलुहान व गंभीर रूप से झुलसे किशोर को तुरंत एंबुलेंस के जरिए सोनीपत के सिविल अस्पताल पहुंचाया।
सिविल अस्पताल के डॉक्टरों ने हर्षित की नाजुक हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया था। हालांकि, परिजन उसे दिल्ली ले जाने के बजाय रोहतक ले गए, जहां फिलहाल वह जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
इकलौता बेटा है हर्षित, जीआरपी कर रही भागने वाले युवकों की तलाश
बताया जा रहा है कि 10वीं पास करने के बाद हर्षित ने हाल ही में एक टेक्निकल कोर्स में दाखिला लिया था और वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। इस हादसे के बाद उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जीआरपी पुलिस अब उन सभी युवकों की शिनाख्त में जुटी है जो हादसे के वक्त स्टेशन पर हर्षित के साथ मौजूद थे। पुलिस रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह साफ हो सके कि युवक किस मकसद से स्टेशन आए थे और उनके बीच किस बात की शर्त लगी थी।
यह भी पढ़ें– Haryana News: 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन, सीएम नायब सैनी ने दी मंजूरी
