August 13, 2026

Haryana Railway: हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट

0
Haryana Railway: हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट

हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट

Haryana Railway: यदि आप 5 से 8 अक्टूबर के बीच ट्रेन से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके बेहद काम की है। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल में दिल्ली सराय रोहिल्ला, पटेलनगर और पालम स्टेशनों के बीच ऑटोमेटिक सिग्नलिंग सिस्टम लगाने के लिए बड़ा ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है।

इस तकनीकी कार्य के कारण हरियाणा से गुजरने वाली और दिल्ली को जोड़ने वाली कई प्रमुख रेल सेवाएं सीधे तौर पर प्रभावित होंगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इस दौरान दर्जनों ट्रेनें रद्द रहेंगी, कुछ का रूट बदला गया है तो कई ट्रेनें रीशेड्यूल की गई हैं।

दैनिक यात्रियों पर पड़ेगा सबसे ज्यादा असर

इस मेगा ब्लॉक का सबसे बड़ा झटका दिल्ली, गुरुग्राम, रेवाड़ी, रोहतक, भिवानी, हिसार और सिरसा रेलखंड पर रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा और आम यात्रियों को लगेगा। रेलवे ने दिल्ली-रेवाड़ी, रेवाड़ी-दिल्ली, दिल्ली-हिसार, हिसार-दिल्ली, हिसार-रेवाड़ी, रेवाड़ी-हिसार, और तिलक ब्रिज-सिरसा के बीच चलने वाली कई पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह निरस्त कर दिया है। इन लोकल ट्रेनों के बंद रहने से हजारों दैनिक रेल यात्रियों को बसों या अन्य निजी साधनों का रुख करना पड़ेगा।

वंदे भारत समेत लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें भी प्रभावित

लोकल ट्रेनों के अलावा दिल्ली सराय रोहिल्ला से शुरू होने वाली कई वीआईपी और एक्सप्रेस ट्रेनों के पहिये भी इस दौरान थमे रहेंगे। रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस, दिल्ली सराय-बांद्रा टर्मिनस, दिल्ली-जैसलमेर, दिल्ली-जयपुर, दिल्ली-अजमेर, दिल्ली-भुज और चंडीगढ़-बांद्रा टर्मिनस शामिल हैं। इन ट्रेनों के रद्द होने से राजस्थान, गुजरात और मुंबई की ओर यात्रा करने वाले यात्रियों को खासी मशक्कत करनी पड़ सकती है।

रोहतक-भिवानी-रेवाड़ी होकर चलेंगी 7 गाड़ियां, भिवानी में ठहराव

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 7 प्रमुख ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया है। जम्मूतवी-बाड़मेर एक्सप्रेस, बरेली-भुज एक्सप्रेस, शकूरबस्ती-ओखा स्पेशल, भुज-दिल्ली एक्सप्रेस, भुज-बरेली एक्सप्रेस और वेरावल-हरिद्वार एक्सप्रेस अब अपने तय रास्ते के बजाय रोहतक-भिवानी-रेवाड़ी होकर गुजरेंगी। इन सभी ट्रेनों को भिवानी स्टेशन पर अतिरिक्त ठहराव दिया गया है, जिससे इस क्षेत्र के यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। वहीं ओखा-साबरमती स्पेशल का गुरुग्राम स्टेशन पर विशेष ठहराव रहेगा।

कई ट्रेनों के समय में बदलाव, रेलवे ने दी यह सलाह

ब्लॉक के चलते कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी देरी होगी। किशनगंज-अजमेर एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 2 घंटे 40 मिनट की देरी से रवाना होगी, जबकि दिल्ली-साबरमती एक्सप्रेस 55 मिनट विलंब से चलेगी। हावड़ा-बाड़मेर एक्सप्रेस को दिल्ली स्टेशन पर 15 मिनट रेगुलेट किया जाएगा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए स्टेशन निकलने से पहले एनटीईएस (NTES) ऐप, आधिकारिक वेबसाइट या रेलवे हेल्पलाइन 139 के जरिए अपनी ट्रेन की वर्तमान स्थिति जरूर जांच लें।

यह भी पढ़ें– Haryana News: 10 साल पुराने डीजल और 15 साल पुराने पेट्रोल वाहनों को नहीं मिलेगा ईंधन, सीएम नायब सैनी ने दी मंजूरी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *