Gurugram News: ‘सॉरी’ बोलने पर भी नहीं माने बदमाश, गुरुग्राम में 19 साल के ऑटो चालक की डंडों से बेरहमी से पिटाई

'सॉरी' बोलने पर भी नहीं माने बदमाश, गुरुग्राम में 19 साल के ऑटो चालक की डंडों से बेरहमी से पिटाई
Gurugram News: साइबर सिटी गुरुग्राम में बेखौफ बदमाशों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका ताजा उदाहरण एक बार फिर रोड रेज की खौफनाक वारदात में देखने को मिला। वजीराबाद रेड लाइट के पास महज एक छोटा सा कट लगने के विवाद में एक 19 साल के गरीब ऑटो चालक को अपनी बेगुनाही की भारी कीमत चुकानी पड़ी। विवाद टालने के लिए पीड़ित चालक बार-बार ‘सॉरी’ कहता रहा, लेकिन गुस्साए चार युवकों ने उसे ऑटो से खींचकर बांस के डंडों और लात-घूंसों से तब तक पीटा जब तक कि वह सिर से पैर तक खून में लथपथ नहीं हो गया।
मूल रूप से बिहार के पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के भालुआ गांव का रहने वाला 19 वर्षीय रवि कुमार गुरुग्राम के भोंडसी स्थित राधा रानी कुंज में रहता है। वह ऑटो चलाकर अपने परिवार का पेट पालता है। 9 अगस्त की शाम रवि सेक्टर-57 से सवारियां बिठाकर मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन की तरफ जा रहा था। जैसे ही उसने वजीराबाद रेड लाइट पार की, अचानक एक बाइक पर सवार दो युवकों ने कट मारने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
ताऊ देवीलाल पार्क के सामने घेरा, बांस के डंडे से किया जानलेवा हमला
पीड़ित रवि ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसने कोई भी विवाद बढ़ाए बिना तुरंत दोनों युवकों से हाथ जोड़कर ‘सॉरी’ बोल दिया था। लेकिन दबंगई के नशे में चूर बदमाशों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। जैसे ही ऑटो ताऊ देवीलाल पार्क के सामने पहुंचा, पीछे से एक अन्य बिना नंबर प्लेट की बाइक पर उनके दो और साथी आ पहुंचे। चारों ने ऑटो के आगे अपनी दोनों बाइकें अड़ाकर रास्ता रोक लिया।
इसके बाद चारों ने मिलकर रवि को खींचकर बाहर निकाला और अंधाधुंध पीटना शुरू कर दिया। जान बचाने के लिए जब रवि ने सड़क की दूसरी तरफ भागने की कोशिश की, तो एक आरोपी ने पास में पड़ा बांस का भारी डंडा उठा लिया और उसके सिर व शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। जब रवि खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा, तो चारों आरोपी अपनी बिना नंबर की बाइकों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
बिना नंबर की बाइक से आए थे आरोपी, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद सड़क पर पड़े तड़पते चालक को देखकर राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को फोन किया और उसे सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर अस्पताल पहुंची पुलिस ने डॉक्टरों की अनुमति के बाद पीड़ित का आधिकारिक बयान दर्ज किया। घायल रवि ने बताया कि आरोपियों ने जानबूझकर बिना नंबर प्लेट वाली बाइकों का इस्तेमाल किया था ताकि उनकी पहचान न हो सके।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित रवि के बयान के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रासंगिक धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। वजीराबाद रेड लाइट से लेकर ताऊ देवीलाल पार्क और आसपास के पूरे रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों के हुलिए और गाड़ियों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में लेडी कैब ड्राइवर से बदसलूकी, ईवी स्टेशन पर अश्लील वीडियो दिखा रहा था ड्राइवर, महिला ने बनाया वीडियो
