Gurugram News: गुरुग्राम में लेडी कैब ड्राइवर से बदसलूकी, ईवी स्टेशन पर अश्लील वीडियो दिखा रहा था ड्राइवर, महिला ने बनाया वीडियो

गुरुग्राम में लेडी कैब ड्राइवर से बदसलूकी, ईवी स्टेशन पर अश्लील वीडियो दिखा रहा था ड्राइवर
Gurugram News: हरियाणा के हाईटेक शहर गुरुग्राम में महिलाओं की सुरक्षा को ठेंगा दिखाने वाली एक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। सेक्टर-29 इलाके में स्थित एक इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) चार्जिंग स्टेशन पर अपनी कार चार्ज कर रही महिला कैब ड्राइवर के साथ बगल में खड़े कैब चालक ने बेहद घटिया हरकत की। आरोप है कि आरोपी ड्राइवर अपनी कार में बैठकर मोबाइल पर अश्लील वीडियो देख रहा था और बार-बार स्क्रीन पीड़िता की तरफ घुमा रहा था। महिला ने डरने के बजाय हिम्मत दिखाई और आरोपी की पूरी करतूत अपने मोबाइल में कैद कर ली।
यह मामला सेक्टर-29 स्थित ‘टाटा इंटीरियर’ के पास बने ईवी चार्जिंग स्टेशन का है। पीड़िता अपनी इलेक्ट्रिक कैब को चार्जिंग पॉइंट पर लगाकर गाड़ी के भीतर बैठकर इंतजार कर रही थी। इसी बीच पास में ही एक और कैब आकर रुकी और चार्जिंग पर लग गई। महिला का कहना है कि उस कैब का ड्राइवर गाड़ी में बैठकर काफी देर तक आपत्तिजनक वीडियो चलाता रहा और जानबूझकर उसकी तरफ मोबाइल की स्क्रीन करता रहा।
पहले किया नजरअंदाज, फिर गाड़ी से उतरकर सिखाया सबक
शुरुआत में महिला ड्राइवर ने माहौल खराब होने और विवाद से बचने के लिए आरोपी की हरकत को अनदेखा करने की कोशिश की। लेकिन जब आरोपी की हिम्मत बढ़ती चली गई, तो महिला अपनी कार से बाहर निकली और सीधे आरोपी ड्राइवर के पास जाकर उसकी क्लास लगा दी। महिला ने उससे साफ शब्दों में पूछा कि वह मोबाइल की स्क्रीन उसकी तरफ करके यह सब क्यों कर रहा है?
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में दोनों के बीच तीखी बहस होती साफ सुनी जा सकती है। जब महिला ने सवाल दागे तो आरोपी ड्राइवर मुकरने लगा और आरोपों से साफ इनकार करने लगा। इसके बाद महिला ने बिना वक्त गंवाए चार्जिंग स्टेशन पर मौजूद सिक्योरिटी स्टाफ के पास पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई और घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
सोशल मीडिया पर महिला के साहस की तारीफ, पुलिस बोली- जांच जारी
इंटरनेट पर वीडियो आते ही लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में यूजर्स ने महिला कैब ड्राइवर के इस निडर कदम की जमकर सराहना की है और आरोपी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, कुछ यूजर्स ऑनलाइन बहस में पीड़िता को ही सलाह देते नजर आए, जिस पर अन्य लोगों ने करारा जवाब दिया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सेक्टर-29 थाना प्रभारी (SHO) सत्येंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल पुलिस को इस संबंध में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, वायरल वीडियो का संज्ञान लिया जा रहा है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस वीडियो की प्रामाणिकता की जांच कर रही है और पीड़िता की ओर से शिकायत मिलते ही कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
यह भी पढ़ें- जीटी रोड पर गनपॉइंट पर 30 लाख की लूट, बसताड़ा के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाशों का तांडव
