Yamunanagar News: छछरौली की सड़कों पर लहराया 80 फीट लंबा तिरंगा, ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

छछरौली की सड़कों पर लहराया 80 फीट लंबा तिरंगा, 'हर घर तिरंगा' यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
Yamunanagar News: प्रताप नगर, रघबीर सिंह। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बृहस्पतिवार को छछरौली उपमंडल में राष्ट्रभक्ति का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। उपमंडल प्रशासन द्वारा आयोजित भव्य पैदल तिरंगा यात्रा में छछरौली की सड़कें तिरंगे के रंग में रंगी नजर आईं। राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से सुबह ठीक 11 बजे शुरू हुई इस यात्रा में हजारों की संख्या में स्कूली बच्चों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरी यात्रा के दौरान 80 फीट लंबा विशालकाय तिरंगा हर किसी के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
तिरंगा यात्रा को एसडीएम छछरौली जसपाल सिंह गिल तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांत बौद्धिक प्रमुख एवं प्रख्यात शिक्षाविद डॉ. भूपेश अरोड़ा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के गगनभेदी नारों और देशभक्ति के तरानों से पूरा छछरौली कस्बा गुंजायमान हो उठा। कस्बे के मुख्य बाजारों और मार्गों पर स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का आत्मीय स्वागत किया।
तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक: एसडीएम जसपाल सिंह
समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम जसपाल सिंह गिल ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा का मूल उद्देश्य हर नागरिक के दिल में राष्ट्रप्रेम की भावना को और गहरा करना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि 15 अगस्त के शुभ अवसर पर वे अपने-अपने घरों पर आन-बान-शान के प्रतीक राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक जरूर फहराएं। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए मित्र फाउंडेशन, सरस्वती स्कूल और पुलिस-प्रशासन की टीमों के सराहनीय योगदान की जमकर तारीफ की।
यह पैदल यात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर सब्जी मंडी, बस स्टैंड, पुलिस स्टेशन, चौक नंबर एक, चौक नंबर दो और गनौली गेट जैसे प्रमुख स्थानों से गुजरी और वापस उसी प्रांगण में पहुंचकर संपन्न हुई।
राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों के पालन का लिया संकल्प
आरएसएस के प्रांत बौद्धिक प्रमुख डॉ. भूपेश अरोड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय ध्वज केवल एक कपड़ा नहीं, बल्कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और देश की संप्रभुता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर नागरिक का यह परम कर्तव्य है कि वह तिरंगे की मर्यादा बनाए रखे और देश की उन्नति में अपना योगदान दे। यात्रा के समापन अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाने का संकल्प दिलाया गया।
इस दौरान डीएसपी कंवलजीत, नायब तहसीलदार आनंद रावल, बीडीओ कार्तिक चौहान, थाना प्रभारी वेदपाल, खंड शिक्षा अधिकारी अशोक धीमान, मार्केट कमेटी के सुपरवाइजर धीरज अग्रवाल सहित समाज के गणमान्य लोग—कपिल मनीष गर्ग, गौरव गोयल, गुलशन अरोड़ा, संजीव सैनी, मनोज सिंगला, और विशाल शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का विधिवत समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
यह भी पढ़ें- ससुराल छोड़ मायके में चला रही थी नशे का नेटवर्क, 54 ग्राम स्मैक के साथ 3 बच्चों की मां गिरफ्तार
