September 29, 2026

Kaithal News: कैथल में तेज रफ्तार इनोवा ने एंबुलेंस को मारी टक्कर, मरीज समेत 4 लोग घायल, गांव मूंदड़ी के पास हादसा

0
Kaithal News: कैथल में तेज रफ्तार इनोवा ने एंबुलेंस को मारी टक्कर, मरीज समेत 4 लोग घायल, गांव मूंदड़ी के पास हादसा

कैथल में तेज रफ्तार इनोवा ने एंबुलेंस को मारी टक्कर, मरीज समेत 4 लोग घायल

Kaithal News: कैथल जिले में गांव मूंदड़ी के पास एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। यहां एक लापरवाही से दौड़ रही काले रंग की इनोवा गाड़ी के चालक ने पहले एक मोटरसाइकिल सवार को सीधी टक्कर मारी और फिर सामने से आ रही एक एंबुलेंस को अपनी चपेट में ले लिया। एंबुलेंस में एक मरीज को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था। इस दर्दनाक हादसे में मरीज समेत तीन लोग और बाइक सवार घायल हो गए।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव टयोंठा निवासी विजेंद्र सिंह अपने परिवार के एक मरीज को एंबुलेंस में बैठाकर कैथल के नागरिक अस्पताल ले जा रहे थे। मरीज के गले की मेडिकल ट्यूब बदली जानी थी। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक, एंबुलेंस जब मूंदड़ी के पास पहुंची, तभी अचानक सामने से आई इनोवा गाड़ी के चालक ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होते हुए एंबुलेंस में जा घुसी।

“साइरन बजाने के बाद भी नहीं दिया रास्ता”: एंबुलेंस चालक का दर्द

हादसे में घायल विजेंद्र सिंह ने बताया कि इनोवा चालक की घोर लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ। एंबुलेंस में सवार मरीज को तो झटका लगा ही, साथ ही विजेंद्र और उनके साथी को भी हाथ-पांव में गंभीर चोटें आई हैं।

वहीं एंबुलेंस चालक जितेंद्र सिंह ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वे टयोंठा से मरीज लेकर कैथल की ओर आ रहे थे। रास्ते में इनोवा चालक एंबुलेंस का सायरन सुनने के बावजूद साइड नहीं दे रहा था और अचानक उसने गाड़ी एंबुलेंस पर चढ़ा दी। एंबुलेंस चालक ने भावुक अपील करते हुए कहा कि सड़क पर जब भी कोई एंबुलेंस दिखे, तो उसे प्राथमिकता के आधार पर रास्ता दें क्योंकि उसमें किसी की जिंदगी दांव पर लगी होती है।

डायल 112 ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल, जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना समय गंवाए दूसरी एंबुलेंस का इंतजाम किया और सभी घायलों को तुरंत कैथल के सरकारी नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी कश्मीर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। आरोपी इनोवा चालक की पहचान और लापरवाही के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- फसल बीमा बना किसानों का सुरक्षा कवच, 9 साल में 82.8 लाख आवेदन हुए लाभान्वित

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed