August 13, 2026

Jyotisar Kurukshetra News: सुरक्षा जांच और नई वायरिंग के बाद खुला अनुभव केंद्र, फिर जीवंत होंगे महाभारत के प्रसंग

0
Jyotisar Kurukshetra News: सुरक्षा जांच और नई वायरिंग के बाद खुला अनुभव केंद्र, फिर जीवंत होंगे महाभारत के प्रसंग

सुरक्षा जांच और नई वायरिंग के बाद खुला अनुभव केंद्र, फिर जीवंत होंगे महाभारत के प्रसंग

Jyotisar Kurukshetra News: विश्व प्रसिद्ध गीता जन्मस्थली ज्योतिसर तीर्थ पर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लगभग ढाई महीने के लंबे अंतराल के बाद तीर्थ परिसर स्थित आधुनिक ‘अनुभव केंद्र’ को गुरुवार से दोबारा शुरू कर दिया गया है। 24 मई को बेसमेंट में हुए भीषण अग्निकांड के बाद सुरक्षा कारणों से इसे एहतियातन बंद कर दिया गया था। संपूर्ण सिस्टम की नई वायरिंग, नई बैटरियां लगाने और कड़े तकनीकी ट्रायल के बाद आखिरकार इसे आम जनता के लिए फिर से खोल दिया गया है।

ओवरहीटिंग से बेसमेंट में फटी थीं 200 बैटरियां

24 मई की घटना को याद करते हुए हरियाणा टूरिज्म के अधिकारी मुकेश चंद ने बताया कि उस दिन बेसमेंट में अचानक ओवरहीटिंग की वजह से यूपीएस (UPS) बैटरियों में आग लग गई थी। देखते ही देखते लपटों ने विकराल रूप ले लिया और बेसमेंट में रखीं करीब 200 बैटरियां एक-एक कर धमाके के साथ फट गईं। इस हादसे में बेसमेंट की पूरी इलेक्ट्रिकल वायरिंग, बैटरियां और उन्हें ठंडा रखने के लिए लगे एयर कंडीशनर जलकर पूरी तरह स्वाहा हो गए थे। घटना के तुरंत बाद पर्यटकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे केंद्र को बंद कर सुरक्षा ऑडिट शुरू कराया गया था।

कूलिंग सिस्टम हुआ मजबूत, अब 4 की जगह लगे 6 एसी

हादसे से सबक लेते हुए इस बार सुरक्षा और तकनीकी मानकों में कई बड़े बदलाव किए गए हैं। दोबारा ओवरहीटिंग जैसी स्थिति पैदा न हो, इसके लिए बैटरियों को ठंडा रखने वाले कूलिंग सिस्टम को पहले से ज्यादा मजबूत बनाया गया है। पहले बेसमेंट में चार एयर कंडीशनर काम कर रहे थे, जिनकी संख्या अब बढ़ाकर छह कर दी गई है। इसके अलावा पूरी इलेक्ट्रिकल वायरिंग को बदलकर नए सिरे से आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के साथ स्थापित किया गया है।

सफल टेस्टिंग के बाद श्रद्धालुओं के लिए खुला केंद्र

अनुभव केंद्र के रखरखाव और तकनीकी संचालन से जुड़ी सीएसडी कंपनी के अधिकारी राजेश भंडारी ने जानकारी दी कि पूरे सिस्टम को फिर से चालू करने से पहले गहन जांच-पड़ताल की गई। प्रोजेक्ट के हर हिस्से का अलग-अलग स्तर पर कई बार ट्रायल लिया गया, ताकि भविष्य में किसी भी तरह की तकनीकी खामी की गुंजाइश न रहे। सभी सुरक्षा परीक्षणों में हरी झंडी मिलने के बाद ही इसे गुरुवार को श्रद्धालुओं के लिए खोला गया।

अनुभव केंद्र के पुन: संचालित होने से ज्योतिसर पहुंचने वाले पर्यटकों में खासा उत्साह है। अब श्रद्धालु एक बार फिर आधुनिक तकनीक, 3D इफेक्ट्स और लाइट-एंड-साउंड के जरिए महाभारत के जीवंत प्रसंगों और भगवान श्रीकृष्ण द्वारा दिए गए अमर गीता उपदेश के अलौकिक अनुभवों से रूबरू हो सकेंगे।

यह भी पढ़ें– Haryana Railway: हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *