August 13, 2026

Kaithal News: बीरबांगड़ा नहर में मिला महिला का शव, हाथ पर टैटू और कड़ा!

0
Kaithal News: बीरबांगड़ा नहर में मिला महिला का शव, हाथ पर टैटू और कड़ा!

बीरबांगड़ा नहर में मिला महिला का शव, हाथ पर टैटू और कड़ा!

Kaithal News: राजौंद (नरेश कुमार पुहाल) राजौंद क्षेत्र के नजदीकी गांव बीरबांगड़ा के पास से गुजर रही नहर में उस समय सनसनी फैल गई, जब पानी में तैरता एक 25 से 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ। घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीणों की मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना मिलते ही डायल-112 और राजौंद थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

नहा रहे युवकों के पैरों से टकराया शव, फैली दहशत

थाना प्रभारी हरपाल सिंह ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर के समय कुछ स्थानीय युवक नहर के पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान गहरे पानी में उनके पैरों से कोई भारी चीज टकराई। संदेह होने पर जब युवकों ने नीचे हाथ डालकर देखा तो उनके हाथ में एक महिला का शव आया, जिसे देखकर उनके होश उड़ गए। युवकों ने बिना समय गंवाए मुस्तैदी दिखाते हुए शव को खींचकर नहर के किनारे निकाला और तुरंत पुलिस को सूचित किया।

हाथ पर ‘प्रिया’ और बांह पर लिखा है ‘बेबे बापू’

(पुलिस) द्वारा शव का निरीक्षण करने पर शरीर पर कुछ खास निशान मिले हैं, जो मृतका की पहचान में अहम साबित हो सकते हैं। महिला के हाथ पर अंग्रेजी में ‘प्रिया’ (Priya) नाम गुदा हुआ है, जबकि बाजू पर पंजाबी भाषा में ‘बेबे बापू’ (माता-पिता) का टैटू बना है। इसके अलावा मृतका ने हाथ में लोहे का कड़ा भी पहना हुआ है।

प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने शव को 72 घंटे की पहचान के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल के शवगृह (मोर्चरी) में रखवा दिया है। पुलिस इस बात की गहनता से तफ्तीश कर रही है कि यह हादसा है, आत्महत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है।

थाना प्रभारी ने की जनता से सहयोग की अपील

राजौंद थाना प्रभारी हरपाल सिंह ने आम जनता और आसपास के गांवों के लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा—

“यदि किसी घर या रिश्तेदारी से बीते कुछ दिनों में कोई 25-30 वर्ष की महिला/युवती लापता हुई है अथवा इन टैटू के निशानों और हुलिए से कोई इस महिला को पहचान सकता है, तो तुरंत राजौंद थाना पुलिस या नजदीकी पुलिस स्टेशन में संपर्क करें। आपकी एक छोटी सी जानकारी मृतका के परिजनों तक पहुंचने और इस गुत्थी को सुलझाने में बेहद मददगार साबित हो सकती है।”

यह भी पढ़ें– Haryana Railway: हरियाणा में रोहतक, भिवानी, नारनौल से होकर जाने वाली ट्रेनें रद्द, यात्रा से पहले देखें पूरी लिस्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *