August 15, 2026

Panipat News: पानीपत में दिनदहाड़े चोरी, राशन लेने गई थी बेटी, पीछे से पड़ोसी ने घर साफ कर उड़ाए गहने और ₹25 हजार

0
Panipat News: पानीपत में दिनदहाड़े चोरी, राशन लेने गई थी बेटी, पीछे से पड़ोसी ने घर साफ कर उड़ाए गहने और ₹25 हजार

पानीपत में दिनदहाड़े चोरी, राशन लेने गई थी बेटी, पीछे से पड़ोसी ने घर साफ कर उड़ाए गहने और ₹25 हजार

Panipat News: पानीपत शहर के पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र के तहत आने वाले कच्चा कैंप (राजीव फैक्टरी इलाका) में बेखौफ चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम देकर पुलिस गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरों ने एक महिला के बंद पड़े मकान को अपना निशाना बनाया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषणों समेत 25 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

राशन लेने गई थी बेटी, लौटी तो खुला मिला मुख्य द्वार का ताला

पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता रेखा ने बताया कि दोपहर के वक्त उनकी बेटी पास ही स्थित राशन डिपो से सरकारी राशन लेने के लिए घर पर ताला लगाकर निकली थी।

कुछ ही देर बाद जब वह राशन लेकर वापस लौटी, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ देखकर उसके होश उड़ गए। जैसे ही वह घर के भीतर दाखिल हुई, कमरों के भीतर अलमारी का ताला टूटा पड़ा था और सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि लॉकर में रखी सोने की बालियां, मंगलसूत्र, चांदी की पाजेब, नथली और 25 हजार रुपये कैश गायब थे।

‘शौच जाना है…’ बहाना बनाकर घुसा था पड़ोस का राजा, CCTV में कैद हुई करतूत

घटना के तुरंत बाद जब बदहवास परिजनों ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की, तो पास ही के एक किराना दुकान संचालक ने अहम सुराग दिया। दुकानदार ने बताया कि पड़ोस में ही रहने वाला 19 वर्षीय राजा शौच करने का बहाना बनाकर रेखा के मकान की तरफ गया था। इसके बाद जब परिजनों ने गली में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें राजा अपने एक अन्य साथी के साथ संदिग्ध हालत में घर की तरफ आता-जाता साफ नजर आया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपियों को लिया हिरासत में

सीसीटीवी फुटेज में चोरी की पूरी वारदात की कड़ी मिलने के बाद पीड़िता ने तुरंत मामले की सूचना पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और पीड़िता के बयानों व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आपराधिक मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी राजा और उसके साथी को हिरासत में ले लिया है और चोरी किया गया सामान व नकदी बरामद करने के लिए पूछताछ कर रही है।

यह भी पढ़ें– Haryana Ration Card: हरियाणा में 2 लाख राशन कार्ड ब्लॉक! अगर डिपो से नहीं उठाया राशन तो तुरंत करा लें ये काम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed