Karan Aujla Concert: ऑस्ट्रेलिया में करण औजला के कॉन्सर्ट में बवाल, स्टेज पर जैकेट फेंकने वाले फैन पर भड़के पंजाबी सिंगर

ऑस्ट्रेलिया में करण औजला के कॉन्सर्ट में बवाल
Karan Aujla Concert: मशहूर पंजाबी गायक करण औजला इन दिनों ऑस्ट्रेलिया में अपने ‘पी-पॉप कल्चर टूर’ को लेकर खासा सुर्खियों में हैं। एडिलेड में आयोजित उनके एक लाइव कॉन्सर्ट के दौरान कुछ ऐसा घटनाक्रम हुआ, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। स्टेज पर परफॉर्मेंस के दौरान एक प्रशंसक की अजीबोगरीब हरकत से करण औजला इस कदर बिफर गए कि उन्होंने भरे मंच से उसे आड़े हाथों लिया। इस पूरी घटना का वीडियो अब इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गाना खत्म होते ही ललकारा, बोले- हिम्मत है तो सामने आओ
दरअसल, करण औजला जब मंच पर अपने गानों से समां बांध रहे थे, तभी दर्शकदीर्घा में मौजूद एक फैन ने अचानक अपनी जैकेट निकालकर सीधे स्टेज की तरफ उछाल दी। जैकेट ठीक करण के पास जाकर गिरी। पेशेवर अंदाज दिखाते हुए करण ने तुरंत आपा नहीं खोया; उन्होंने पहले उस जैकेट को उठाकर एक तरफ रखा और अपना गाना पूरा किया।
गाना खत्म होते ही करण का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने माइक संभाला और जैकेट फेंकने वाले फैन को सामने आने के लिए ललकारा। करण ने सीधे शब्दों में कहा, “अगर इतनी ही हिम्मत है तो सामने आओ, देखते हैं तुम सच में अपने पिता के बेटे हो या नहीं।” इसके बाद उन्होंने नाराजगी जताते हुए पूछा कि आखिर उसने यह जैकेट क्यों फेंकी।
View this post on Instagram
प्यार से फेंकी या पागलपन? बाद में पिघला सिंगर का दिल
करण ने तल्ख तेवर में आगे कहा, “प्यार से फेंकी थी क्या? पागल हो क्या तुम?” उन्होंने फैन को समझाते हुए कहा कि वह यहां केवल एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि हजारों की भीड़ के लिए परफॉर्म करने आए हैं। इस तरह की हरकतों से न सिर्फ कलाकारों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है, बल्कि बाकी दर्शकों का समय भी खराब होता है।
हालांकि, कुछ ही देर में माहौल की नजाकत को समझते हुए करण औजला शांत हो गए। उन्होंने अपने स्वभाव के मुताबिक मामले को संभालते हुए फैन से कहा कि वह जैकेट उन्हें वापस भिजवा दे, वे उस पर अपना ऑटोग्राफ दे देंगे। साथ ही उन्होंने सभी प्रशंसकों से अपील की कि भविष्य में किसी भी लाइव शो के दौरान ऐसी हरकत दोहराने से बचें।
फैंस ने किया समर्थन, मेलबर्न में जुटेंगे मुरीद
वायरल वीडियो देखने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस पूरी तरह से करण औजला के समर्थन में उतर आए हैं। उपयोगकर्ताओं का कहना है कि लाइव कॉन्सर्ट में परफॉर्म कर रहे कलाकारों की सुरक्षा और सम्मान का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। अधिकतर लोगों ने इस बात की तारीफ की कि करण ने पहले अपना काम (गाना) पूरा किया और फिर सही तरीके से अपनी बात रखी।
करण औजला इन दिनों अपने ऑस्ट्रेलिया टूर में व्यस्त हैं। एडिलेड के इस हंगामेदार शो के बाद उनका अगला धमाकेदार प्रदर्शन 18 और 19 अगस्त को मेलबर्न में आयोजित होने जा रहा है।
यह भी पढ़ें– टास्क के दौरान फरहाना भट्ट पर भड़कीं अविका गौर, अब इंस्टाग्राम पर मांगी माफी
