Narnaul News: नारनौल में ASI के बेटे की गुंडागर्दी, युवक को पीटते हुए बनाया वीडियो, बैकग्राउंड में बजाया ‘गुंडा’ गाना

नारनौल में ASI के बेटे की गुंडागर्दी, युवक को पीटते हुए बनाया वीडियो, बैकग्राउंड में बजाया 'गुंडा' गाना
Narnaul News: हरियाणा के नारनौल शहर से पुलिस विभाग की साख को बट्टा लगाने वाली एक खबर सामने आई है। सोशल मीडिया पर 12 सेकेंड का एक वीडियो तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें झज्जर थाने में तैनात एएसआई दयानंद का 30 वर्षीय बेटा मन गोरा एक युवक की बेरहमी से पिटाई करता नजर आ रहा है। हद तो तब हो गई जब इस मारपीट के वीडियो के साथ ‘मैं एक नंबर का गुंडा हूं, बंदे मारना काम मेरा’ गाना लगाकर इसे इंटरनेट पर अपलोड कर दिया गया। वीडियो के अलग-अलग हिस्सों में आरोपी खुलेआम दबंगई का प्रदर्शन करता दिख रहा है।
2 साल पुराना वीडियो फिर वायरल, पीड़ित को मिली जान से मारने की धमकी
मामले में पीड़ित युवक की पहचान पुरानी सराय निवासी 28 वर्षीय पंकज सैनी के रूप में हुई है। पंकज ने जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) को दी लिखित शिकायत में चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। पीड़ित के मुताबिक, करीब दो साल पहले मन गोरा और उसके साथियों ने उसका अपहरण कर बुरी तरह पीटा था और वीडियो बना लिया था। उस समय समझौते के नाम पर परिवार से 40 हजार रुपये ऐंठ लिए गए थे। पंकज का आरोप है कि 14 अगस्त 2026 को उसे नीचा दिखाने की नीयत से यह पुराना वीडियो दोबारा वायरल कर दिया गया। जब उसने इसका विरोध किया, तो 18 अगस्त को आरोपी अपने भाई के साथ उसके घर पहुंचा और पुलिस में जाने पर जान से मारने की धमकी दी।
पिता बोले- गलती से पोस्ट हुआ, आरोपी पक्ष ने लगाया चोरी का आरोप
पूरे विवाद पर आरोपी के पिता और एएसआई दयानंद की सफाई भी सामने आई है। उनका कहना है कि वीडियो दो साल पुराना है और बेटे द्वारा इंस्टाग्राम अकाउंट अपडेट करते वक्त गलती से स्टोरी में लग गया था। एएसआई ने यह दावा भी किया कि पीड़ित युवक ने दो साल पहले चोरी की थी, जिस पर उसे थप्पड़ मारा गया था। हालांकि, एएसआई के इस दावे या उस वक्त किसी पुलिसिया कार्रवाई की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। बता दें कि एएसआई के बेटों पर छह महीने पहले भी एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को गाड़ी में बिठाकर धमकाने के आरोप लगे थे, जिसमें बाद में चौकी में राजीनामा हुआ था।
लगातार मिल रही धमकियों से दहशत में पीड़ित, एसपी से मांगी सुरक्षा
आरोपियों के पुराने रिकॉर्ड और ताजा धमकियों से सहमे पंकज सैनी ने एसपी से अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि वह और उसका परिवार भारी मानसिक दबाव में हैं और उन्हें कभी भी अनहोनी का डर सता रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी दीपक कुमार ने स्पष्ट किया है कि वीडियो और पूरी शिकायत की गहनता से जांच कराई जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें– जींद के होनहार इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी मोहित दलाल का हार्ट अटैक से निधन
