August 23, 2026

Haryana Lado Laxmi Yojana: हरियाणा की 17 लाख और महिलाओं को मिलेगा लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ, बढ़ी आय सीमा

0
Haryana Lado Laxmi Yojana: हरियाणा की 17 लाख और महिलाओं को मिलेगा लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ, बढ़ी आय सीमा

हरियाणा की 17 लाख और महिलाओं को मिलेगा लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ, बढ़ी आय सीमा

Haryana Lado Laxmi Yojana: हरियाणा सरकार राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाने जा रही है। महत्वाकांक्षी ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का दायरा बढ़ाते हुए सरकार पात्रता की शर्तें आसान करने जा रही है।

इसके तहत परिवार की सालाना आय सीमा में बढ़ोतरी की जा रही है, जिसके बाद प्रदेश की करीब 17 लाख नई महिलाएं इस योजना के लाभ के लिए पात्र हो जाएंगी। आगामी 25 सितंबर को पंडित दीन दयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर इसके पंजीकरण के लिए नया डिजिटल पोर्टल और मोबाइल एप्लिकेशन लॉन्च करने की तैयारी अंतिम चरण में है।

एक साल में तीसरी बार बदली पात्रता की सीमा

बता दें कि हरियाणा सरकार ने पिछले वर्ष 25 सितंबर को ही इस योजना की शुरुआत की थी। शुरुआती चरण में योजना का लाभ केवल उन्हीं परिवारों की महिलाओं को दिया गया था, जिनकी वार्षिक आय ₹1 लाख या उससे कम थी।

इसके बाद सरकार ने इस सीमा को बढ़ाकर ₹1.40 लाख कर दिया था। अब योजना के एक वर्ष पूरे होने पर पात्रता का तीसरा विस्तार करते हुए आय सीमा को बढ़ाकर ₹1.80 लाख वार्षिक किया जा रहा है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 10 अगस्त को योजना की 10वीं किस्त जारी होने तक करीब 9.98 लाख महिलाएं इसका लाभ उठा रही थीं। नया दायरा लागू होने के बाद यह संख्या 27 लाख के पार पहुंच सकती है।

मोबाइल ऐप से घर बैठे होगा आवेदन, 6 चरणों में प्रक्रिया पूरी

महिलाओं को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है। आवेदक Google Play Store से योजना का आधिकारिक ऐप डाउनलोड कर सकेंगे। ऐप खोलते ही पात्रता जांचने का विकल्प मिलेगा, जिसमें हरियाणा निवासी होने, वैवाहिक स्थिति, जन्मतिथि और आय की जानकारी देनी होगी। आवेदन प्रक्रिया को 6 चरणों में विभाजित किया गया है:

महिला का व्यक्तिगत विवरण: नाम, पिता/पति का नाम और प्राथमिक जानकारी।

आवास का विवरण: स्थायी पता और हरियाणा निवास प्रमाण पत्र।

परिवार का ब्योरा: परिवार और ससुराल पक्ष के सभी सदस्यों के आधार डेटा।

आय और संपत्ति संबंधी जानकारी: बिजली बिल, वाहन पंजीकरण व रोजगार स्थिति।

बैंक खाता विवरण: डीबीटी (DBT) के लिए बैंक खाता और आधार लिंक स्थिति।

सत्यापन: लाइव फोटो अपलोड कर आवेदन प्रक्रिया को अंतिम रूप देना।

पड़ोसी राज्यों से तुलना और डिजिटल सुविधा

पड़ोसी राज्य पंजाब में भी महिलाओं के लिए ‘मावां-धीयां सत्कार योजना’ चलाई जा रही है, जहां बिना किसी आय सीमा के 73.5 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है। हालांकि, हरियाणा सरकार भी लाडो लक्ष्मी योजना के जरिए समाज के हर जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। नया पोर्टल शुरू होने के बाद राज्य के कॉमन सर्विस सेंटरों (CSC) और मोबाइल ऐप दोनों माध्यमों से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

यह भी पढ़ें– DCRUST Sonipat News: प्रोफेसर की करतूतों के खिलाफ कैंपस में प्रदर्शन, जानें क्या है पूरा मामला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed