Mohali News: मोहाली में बड़ा हादसा टला, पानी से भरे सूए में फंसी कार, SSF ने 3 लोगों को सुरक्षित निकाला

मोहाली में बड़ा हादसा टला, पानी से भरे सूए में फंसी कार
Mohali News: मोहाली में रविवार रात रामपुरा-छतबीड़ रोड पर बड़ा हादसा टल गया। गांव रामपुरा से छतबीड़ की ओर जा रही एक इनोवा पानी से भरे सूए में फंस गई। कार में 3 लोग सवार थे और पानी का स्तर बढ़ने के साथ तेज बहाव के कारण तीनों अंदर ही फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की रूट 90302 और 90301 की टीमें मौके पर पहुंचीं। जवानों ने स्थिति का जायजा लेने के बाद बिना देरी किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
पानी में उतरकर तीनों को बाहर निकाला
SSF जवानों ने पानी में उतरकर कार में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। बचाए गए लोगों की पहचान कर्मवीर सिंह, रोबिन और तेजप्रकाश सिंह के रूप में हुई है। रेस्क्यू के बाद कर्मवीर सिंह को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया गया। वहीं रोबिन और तेजप्रकाश सिंह को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।
पानी में बह गया था कार का सामान
तेज बहाव के कारण इनोवा में रखा कुछ सामान पानी में बह गया था। रेस्क्यू अभियान के दौरान SSF जवानों को पानी में एक आईफोन और 25 हजार रुपए नकद मिले। जवानों ने बरामद सामान को सुरक्षित रखा और बाद में कर्मवीर सिंह को सौंप दिया। रेस्क्यू टीम की समय पर कार्रवाई से तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
बरसात में पानी भरे रास्तों से बचने की सलाह
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने लोगों को बारिश के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासतौर पर पानी से भरे रास्तों और सूए के आसपास जाने से बचने को कहा गया है। तेज बहाव वाले रास्तों पर पानी की गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। ऐसे में वाहन लेकर पानी में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।
