मंडी अटेली में सफाई कर्मियों की हड़ताल 20वें दिन भी जारी, शहर में गंदगी के अंबार से बढ़ी बीमारियां फैलने की आशंका

Narnaul/ Ateli News:
नगर पालिका सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल सोमवार को लगातार 20वें दिन भी जारी रही। सरकार द्वारा उनकी मांगों पर कोई सुनवाई न किए जाने से नाराज कर्मचारियों ने आज शहर की सड़कों पर घूम-घूमकर जमकर सरकार विरोधी नारे लगाए। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने साफ कर दिया कि जब तक उनकी सभी जायज मांगें लिखित में पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका यह संघर्ष और धरना-प्रदर्शन यूं ही जारी रहेगा।
प्रशासन के वैकल्पिक प्रयासों का विरोध
हड़ताल के लंबे खींचने के कारण शहर में फैली गंदगी को साफ करने के लिए प्रशासन द्वारा कुछ स्थानों पर जेसीबी मशीनों की मदद से कचरा उठवाने का प्रयास किया गया। हालांकि, सफाई कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर इसका कड़ा विरोध जताया। कर्मचारियों का कहना है कि प्रशासन वैकल्पिक तरीकों से समस्या का स्थाई समाधान नहीं कर सकता, बल्कि सरकार को उनकी मुख्य मांगों को तुरंत प्रभाव से मानना चाहिए।
वादाखिलाफी का लगाया आरोप
ब्लॉक प्रधान मनीष कुमार ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा लगातार कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी की जा रही है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि यह सरकार केवल कोरे आश्वासन देने तक सीमित रह गई है। अब केवल मौखिक आश्वासनों से काम नहीं चलेगा, बल्कि सरकार को मांगों के अनुरूप लिखित पत्र जारी करना होगा।
नारकीय जीवन जीने को मजबूर शहरवासी
पिछले 19 दिनों से शहर में सफाई कार्य ठप होने के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सड़कों और गलियों में कचरे के बड़े-बड़े ढेर लग चुके हैं। स्थिति यह है कि सड़कों पर बिखरा कचरा वाहनों के आने-जाने पर उड़ने लगता है, जिससे वहां से गुजरने वाले राहगीरों और दुकानदारों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उड़ती धूल और कचरे के कण सीधे लोगों के स्वास्थ्य को प्रभावित कर रहे हैं।
भयंकर बीमारी फैलने की चेतावनी
स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध जनों ने चिंता जताई है कि यदि शहर में यही हाल रहा तो आने वाले समय में कोई गंभीर महामारी या भयंकर बीमारी फैल सकती है। जनता ने प्रशासन और सरकार से अपील की है कि वे इस मामले में जल्द से जल्द संज्ञान लें। नागरिकों का कहना है कि सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों को मानकर शहर की सफाई व्यवस्था को तुरंत सुचारू बनाए, ताकि आम जनता को इस नरकीय स्थिति से राहत मिल सके।
