Karnal News: करनाल में पुलिस को चकमा, ब्याना चौकी की दीवार लांघकर भागा भगोड़ा आरोपी रिंकू

करनाल में पुलिस को चकमा, ब्याना चौकी की दीवार लांघकर भागा भगोड़ा आरोपी रिंकू
Karnal News: हरियाणा के करनाल जिले में पुलिस अभिरक्षा से आरोपी के भागने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। इंद्री थाना क्षेत्र के तहत आने वाली ब्याना पुलिस चौकी में पूछताछ के लिए लाया गया एक भगोड़ा (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) आरोपी पुलिसकर्मी को जोर का धक्का देकर और चौकी की दीवार फांदकर नौ दो ग्यारह हो गया। आरोपी के इस अचानक हमले में मुंशी संभल पाता, तब तक वह अंधेरे का फायदा उठाकर ओझल हो चुका था।
मुखबिर की सूचना पर घर से लाई थी पुलिस, बाथरूम के बहाने रचा भागने का चक्रव्यूह
घटना 24 अगस्त की देर रात की है। ब्याना चौकी में तैनात मुंशी अंकित कुमार के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से पक्की इत्तला मिली थी कि सिविल लाइन थाना करनाल के मुकदमा नंबर 97/25 में पीओ घोषित आरोपी रिंकू अपने गांव ब्याना स्थित घर आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम उसके घर पहुंची और पूछताछ के लिए चौकी लेकर आई। चौकी में आने के बाद आरोपी ने बड़ी चालाकी से बाथरूम जाने का बहाना बनाया।
वापस लौटते ही दिया धक्का, दीवार कूदकर हुआ गायब
पुलिस कर्मचारी आरोपी रिंकू को बाथरूम ले गए। वहां से वापस कमरे में लाते समय रिंकू ने अचानक अपना रूप बदला और मुंशी अंकित कुमार को जोरदार धक्का दे दिया। धक्का इतना जबरदस्त था कि अंकित जमीन पर गिर पड़े। जब तक चौकी में मौजूद अन्य पुलिसकर्मी माजरा समझ पाते और मुंशी को संभालते, रिंकू ने फुर्ती दिखाते हुए चौकी की दीवार फांदी और बाहर दौड़ लगा दी।
आसपास की घेराबंदी बेनतीजा, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी
घटना के तुरंत बाद पुलिस टीमों ने आसपास के पूरे इलाके में नाकाबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं लगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्याना चौकी प्रभारी पीएसआई रोहित की अनुशंसा पर थाना इंद्री में 25 अगस्त को आरोपी रिंकू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221 और 132 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
जल्द गिरफ्तार होगा आरोपी: एसएचओ धर्मबीर सिंह
मामले की जानकारी देते हुए इंद्री थाना प्रभारी (एसएचओ) धर्मबीर सिंह ने बताया कि ब्याना चौकी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है, ताकि आरोपी के भागने की पूरी कड़ी और दिशा स्पष्ट हो सके। उन्होंने कहा कि आरोपी पहले से ही एक मामले में पीओ घोषित था। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापे मारे जा रहे हैं और जल्द ही उसे दोबारा सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें– Fatehabad Strike Update: 17 दिन से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पर एक्शन, 50 से अधिक हिरासत में
