Gurugram News: गुरुग्राम में पालतू बिल्ली को पकड़ते वक्त PG की 12 फीट गहरी बेसमेंट में गिरी महिला, ICU में भर्ती

गुरुग्राम में पालतू बिल्ली को पकड़ते वक्त PG की 12 फीट गहरी बेसमेंट में गिरी महिला
Gurugram News: गुरुग्राम साइबर सिटी के एमजी रोड (सेक्टर-25) स्थित एक पेइंग गेस्ट (पीजी) में रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। यहां रहने वाली 33 वर्षीय महिला अपनी पालतू बिल्ली को पकड़ने के प्रयास में अचानक संतुलन बिगड़ने से करीब 12 फीट गहरे बेसमेंट में जा गिरी। इस हादसे में महिला के कमर, सिर और दोनों पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत से महिला का रेस्क्यू किया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल महिला निजी अस्पताल के आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
बिल्ली के पीछे भागी, अचानक फिसला पैर
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, घायल महिला की पहचान 33 वर्षीय नीलम के रूप में हुई है, जो एमजी रोड पर वाटिका सिटी प्वाइंट सोसाइटी के समीप स्थित एक पीजी में रह रही थी। रविवार शाम करीब 4 बजे नीलम की पालतू बिल्ली अचानक कमरे से बाहर भागने लगी। नीलम उसे पकड़ने के लिए उसके पीछे-पीछे भागीं।
भागते-भागते जैसे ही वह बेसमेंट के करीब पहुंचीं, तभी अचानक उनका पैर फिसल गया या संतुलन बिगड़ गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, नीलम बेसमेंट की सुरक्षा बाउंड्री से होकर करीब 12 फीट नीचे फर्श पर जा गिरीं। जोर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर कॉल कर पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
12 फीट गहराई से दमकल टीम ने किया रेस्क्यू
अचानक हुए इस हादसे में नीलम के दोनों पैरों, कमर और सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि राहत की बात यह रही कि वह सीधी सिर के बल नहीं गिरीं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। फिर भी गिरने के कारण वह बुरी तरह चोटिल होकर बेसुध हो गईं।
सूचना मिलते ही सेक्टर-29 फायर स्टेशन से फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम तुरंत मौके पर पहुंची। बेसमेंट की गहराई अधिक होने के कारण दमकलकर्मियों ने स्ट्रेचर और रस्सियों के सहारे बेहद सावधानी से नीलम को बाहर निकाला। इसके बाद एंबुलेंस से उन्हें नजदीक के एक निजी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।
पीजी में ग्रिल ऊंची करने की मांग, पुलिस को नहीं मिली शिकायत
हादसे के बाद पीजी में रह रहे अन्य लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों और अन्य किराएदारों ने मांग की है कि बेसमेंट के चारों तरफ लगी ग्रिल की ऊंचाई काफी कम है, जिसे तुरंत बढ़ाया जाना चाहिए ताकि भविष्य में कोई दूसरा इस तरह हादसे का शिकार न बने।
वहीं, मामले को लेकर स्थानीय पुलिस का कहना है कि घटना के संबंध में अभी तक परिजनों या किसी अन्य व्यक्ति की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। प्राथमिक जांच में भी यह एक दुर्घटना नजर आ रही है और किसी की कोई लापरवाही या बदनीयती सामने नहीं आई है। फिलहाल पुलिस अस्पताल से महिला के स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए है।
यह भी पढ़ें– कालका-शिमला रूट पर बड़ा हादसा टला, गुम्मन-कोटी के बीच धंसा रेलवे ट्रैक, बसों से निकाले गए 390 यात्री
