गोलीकांड के विरोध में 4 सितंबर को कांटी बस स्टैंड पर महापंचायत पंचायत में ग्रामीणों ने उठाए पुलिस कार्यशैली पर सवाल, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

Narnaul/Ateli News:
अटेली क्षेत्र के गांव कांटी बस स्टैंड पर हुए गोलीकांड को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। मामले को लेकर मंगलवार को सत्यनारायण सरपंच खेड़ी की अध्यक्षता में पंचायत आयोजित की गई। इसमें आसपास के गांवों के सरपंचों, जनप्रतिनिधियों,मौजिज लोगों और ग्रामीणों ने भाग लेकर घटना पर चिंता जताई। पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि चार सितंबर को सुबह 10 बजे कांटी बस स्टैंड पर महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसमें गोलीकांड की घटना,पुलिस की कार्यशैली और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर चर्चा की जाएगी। इस बैठक में नावदी के सरपंच राकेश, बिहाली के सरपंच सीताराम, रामपुरा सरपंच के पिता जोगेंद्र, जोनी रामपुरा, अशोक नावदी सहित अन्य लोगों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन अशोक नावदी ने कहा कि गोलीकांड जैसी घटना से आमजन में सुरक्षा को लेकर चिंता पैदा होना गंभीर विषय है।
सरपंच देवी सिंह ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर कदम उठाने की मांग की। पंचायत में ग्रामीणों ने कहा कि चार को होने वाली महापंचायत तक यदि गोलीकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आगामी आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। ग्रामीणों ने घटना की निष्पक्ष जांच,आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि महापंचायत किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं है बल्कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा के मुद्दे को लेकर आयोजित की जा रही है। पंचायत में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रखने का निर्णय लिया गया।
