एसआईआर-जिला में दावे-आपत्ति प्रक्रिया के तहत अब तक 11212 फॉर्म प्राप्त नागरिक 30 सितंबर तक दर्ज करा सकते हैं दावे-आपत्तियां

Narnaul News: भारत निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मंगलवार को हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए श्रीनिवास की अध्यक्षता में सभी उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक हुई। इस बैठक में जिला महेंद्रगढ़ की ओर से उपायुक्त अनुपमा अंजली ने जिले की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
बैठक के बाद उपायुक्त ने बताया कि जिले में अब तक दावे-आपत्ति प्रक्रिया के तहत कुल 11212 फॉर्म प्राप्त हो चुके हैं। इनमें 5183 फॉर्म 6 प्राप्त हुए हैं, 392 फॉर्म 7 तथा 5637 फॉर्म 8 प्राप्त हुए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि प्रजातंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है। कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे और किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो, इसके लिए जिला प्रशासन पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य कर रहा है।
उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि जिन मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज नहीं हैं या जिन्हें किसी प्रकार का संशोधन कराना है, वे शीघ्र ही फॉर्म 6, 7 व 8 के माध्यम से अपने संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) के पास दावे-आपत्तियां अवश्य दर्ज करवाएं, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग ने दावे-आपत्तियां दाखिल करने की अवधि बढ़ाकर 30 सितंबर 2026 तक कर दी है, ताकि अधिक से अधिक मतदाता इस प्रक्रिया में भाग ले सकें।
उपायुक्त ने बताया कि राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय एजेंटों (बीएलए) को भी इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है और उनके लिए विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया गया है। इसके साथ ही युवाओं को मतदाता सूची में पंजीकरण हेतु प्रेरित करने के लिए जिले के शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जागरूकता शिविर भी लगाए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी लंबित कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ संपन्न किए जाएं, ताकि जिले की मतदाता सूची पूर्णतः शुद्ध व त्रुटिरहित रूप में प्रकाशित हो सके।
इस मौके पर कनीना एसडीएम डॉ जितेंद्र सिंह, नगराधीश डॉ मंगल सेन व तहसीलदार चुनाव सुरेंद्र सिंह भी मौजूद थे।
