September 1, 2026

27 दिन से सफाई कर्मचारी हड़ताल पर, सरकार के पुतले की निकाली शव यात्रा

0
oplus_136314882

oplus_136314882

Narnaul/ Ateli News: नगर पालिका अटेली के सफाई कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को 27वें दिन भी जारी रही। मांगों को लेकर सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए पुराने नगर पालिका कार्यालय स्थित धरना स्थल से सरकार के पुतले की शव यात्रा निकाली। शव यात्रा शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुराने बस स्टैंड टी-पॉइंट पहुंची जहां कर्मचारियों ने सरकार के पुतले का दहन किया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर एकजुटता दिखाई। कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन अभी तक सरकार की ओर से कोई ठोस समाधान नहीं किया गया है। ब्लॉक प्रधान मनीष कुमार ने कहा कि यदि जल्द उनकी मांगों पर लिखित समझौता नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इससे एक दिन पहले सोमवार सायं करीब साढ़े सात बजे कर्मचारियों ने धरना स्थल से टी-पॉइंट तक मशाल जुलूस निकालकर भी विरोध जताया था। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब शहर की सफाई व्यवस्था पर भी दिखाई देने लगा है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं जिससे लोगों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि नगर पालिका सचिव प्रशांत पाराशर के नेतृत्व में पहले विशेष सफाई अभियान चलाकर जेसीबी और ट्रैक्टरों से कचरा उठवाया गया था लेकिन हड़ताल लंबी खिंचने से दोबारा कई स्थानों पर गंदगी जमा होने लगी है। इस प्रदर्शन में मनोज कुमार, रामकिशन, राकेश कुमार, संजय कुमार, प्रवीण, रेखा, लक्ष्मी, सोमा और निर्मला सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed