Fatehabad Snake Rescue: पीठ पर हुई खुजली तो हाथ लगाया, सामने दिखा फन फैलाए सांप! जानिए फतेहाबाद के सेल्समैन की खौफनाक आपबीती

पीठ पर हुई खुजली तो हाथ लगाया, सामने दिखा फन फैलाए सांप! जानिए फतेहाबाद के सेल्समैन की खौफनाक आपबीती
Fatehabad Snake Rescue: हरियाणा के फतेहाबाद जिले में एक सेल्समैन के साथ रात के वक्त ऐसी घटना घटी, जिसे याद कर किसी की भी रूह कांप जाए। मोहम्मदपुर सोतर गांव के पास स्थित एक शराब ठेके पर सो रहे युवक के बिस्तर में अचानक देश का सबसे जहरीला माना जाने वाला ‘कॉमन करैत’ सांप घुस आया। गनीमत यह रही कि सांप के टकराने और पीठ पर रेंगने के बाद भी युवक ने हड़बड़ाहट में कोई ऐसी हरकत नहीं की, जिससे सांप उसे डंस लेता। सूझबूझ और किस्मत के सहारे युवक की जान बाल-बाल बच गई।
‘हाथ लगाया तो लगा रस्सी पड़ी है, नजर पड़ी तो उड़ गए होश’
पीड़ित सेल्समैन शिवम दूबे ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि वह रोज की तरह ठेके के अंदर ही अपना बिस्तर लगाकर सो रहा था। रात के समय अचानक उसे अपनी पीठ पर कुछ टकराने और खुजली जैसा महसूस हुआ। नींद में ही जब उसने पीठ खुजलाने के लिए हाथ पीछे किया, तो उसकी उंगलियों में रस्सी जैसी कोई चीज छुई। शक होने पर जैसे ही उसने मोबाइल की टॉर्च जलाकर बिस्तर की ओर देखा, उसके सामने एक लंबा काला सांप फन फैलाए बैठा था। यह देखते ही शिवम के रोंगटे खड़े हो गए।
बिना शोर मचाए काउंटर पर चढ़ा युवक, स्नेकमैन ने पाया काबू
बिस्तर पर जहरीला सांप देखकर शिवम घबरा जरूर गया, लेकिन उसने समझदारी दिखाते हुए न तो चीख-पुकार मचाई और न ही कोई तेज हलचल की। वह दबे पांव बिस्तर से हटकर तुरंत ठेके के ऊंचे काउंटर पर चढ़ गया। सुरक्षित दूरी बनाने के बाद उसने जेब से फोन निकालकर अपने ठेकेदार को पूरी घटना की जानकारी दी। ठेकेदार ने बिना देर किए फतेहाबाद के जाने-माने स्नेक एक्सपर्ट (स्नेकमैन) पवन जोगपाल से संपर्क किया और उन्हें तुरंत मौके पर पहुंचने को कहा।
स्नेकमैन ने बताया- भारत का सबसे जहरीला सांप है ‘कॉमन करैत’
सूचना मिलते ही स्नेकमैन पवन जोगपाल उपकरण लेकर ठेके पर पहुंचे। उन्होंने बेहद सावधानी से बिस्तर के बीच छिपे सांप को काबू में किया और उसे एक डिब्बे में सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद ही शिवम और वहां मौजूद अन्य कर्मचारियों की सांस में सांस आई।
स्नेक एक्सपर्ट ने बताया कि पकड़ा गया सांप ‘कॉमन करैत’ (Common Krait) प्रजाति का है, जो बेहद साइलेंट और खतरनाक माना जाता है। यह अक्सर रात के वक्त भोजन या इंसानी शरीर की गर्माहट की तलाश में बिस्तरों तक पहुंच जाता है। रेस्क्यू के बाद सांप को दूर जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया है।
