September 13, 2026

Rohtak News: रोहतक में खेतों में काम कर रहे दो भाइयों पर फरसे और चाकू से हमला

0
Rohtak News: रोहतक में खेतों में काम कर रहे दो भाइयों पर फरसे और चाकू से हमला

रोहतक में खेतों में काम कर रहे दो भाइयों पर फरसे और चाकू से हमला

Rohtak News: रोहतक जिले के बहुअकबरपुर गांव में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। खेतों में शांति से काम कर रहे दो सगे भाइयों पर गांव के ही कुछ लोगों ने धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने उन पर फरसे, चाकू और लोहे की सरियों से कई वार किए। इस अचानक हुए हमले में दोनों भाई लहूलुहान हो गए।

किसी तरह जान बचाकर भागे पीड़ितों को परिजनों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही बहुअकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।

झाड़ियों में घात लगाकर बैठे थे हमलावर, गर्दन पर फरसा चलाने का प्रयास

अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित विनोद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव के ही रविंद्र, अजय और दयासिंह के साथ उनके परिवार की पुरानी रंजिश चली आ रही है। रविवार को जब वह अपने भाई शशि कपूर के साथ खेत में काम निपटा रहा था, उसी दौरान आरोपी हथियार लेकर झाड़ियों के पीछे घात लगाकर बैठ गए। अचानक बाहर निकलकर आरोपी रविंद्र ने शशि कपूर की गर्दन पर सीधे फरसे से वार कर दिया। शशि ने ऐन वक्त पर हाथ आगे कर अपनी जान बचाई, लेकिन इस बचाव में उसकी उंगली कटकर अलग हो गई।

सरिए और लोहे की रॉड से भी पीटा, खेत से भागकर बचाई जान

शशि कपूर को बचाने आगे आए विनोद पर दूसरे आरोपी अजय ने चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए, जो उसके कंधे और पीठ पर लगे। विनोद के मुताबिक जब दोनों भाइयों ने हिम्मत दिखाकर शोर मचाया और आरोपियों से भिड़ गए तो धक्का-मुक्की में आरोपियों के हाथ से चाकू और फरसा नीचे गिर पड़े।

इसके बाद हमलावरों ने पास पड़े लोहे के सरियों और रॉड से उन्हें बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। दोनों भाइयों ने किसी तरह हमलावरों की पकड़ से छूटकर गांव की तरफ भागकर अपनी जान बचाई। रोड़ा सुनकर ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले।

गांव में तनाव, पुलिस बोली- जल्द सलाखों के पीछे होंगे आरोपी

पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावर दबंग और आपराधिक किस्म के लोग हैं, जिसके चलते उन्हें और उनके परिवार को लगातार जान का खतरा बना हुआ है। बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि घायलों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

यह भी पढ़ें– NDA 2 Exam 2026: देश सेवा का जज्बा, सेना में अफसर बनने के लिए युवाओं ने दी एनडीए परीक्षा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *