Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र में ट्यूशन बंक कर भाखड़ा नहर में नहाने गया 13 साल का छात्र डूबा

कुरुक्षेत्र में ट्यूशन बंक कर भाखड़ा नहर में नहाने गया छात्र डूबा
Kurukshetra News: हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर में नहाने उतरा 13 साल का छात्र तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। हादसा सोमवार शाम करीब साढ़े पांच बजे दबखेड़ी पुल के पास हुआ। कुरुक्षेत्र के बाहरी गांव का निवासी वरुण प्राइवेट स्कूल में 8वीं कक्षा में पढ़ता था। वह परिजनों को घर से ट्यूशन जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन ट्यूशन जाने के बजाय अपने तीन दोस्तों के साथ भाखड़ा नहर में नहाने पहुंच गया।
रोते बिलखते दोस्तों ने खोली हादसे की पोल
वरुण के नहर के पानी में समा जाने के बाद उसके साथी पूरी तरह डर गए और नहर के किनारे बैठकर बिलख-बिलख कर रोने लगे। आसपास से गुजर रहे ग्रामीणों ने बच्चों को इस हाल में देखा तो उनसे रोने की वजह पूछी। बच्चों ने सहमे हुए लहजे में बताया कि उनका दोस्त वरुण नहाते समय पानी के गहरे बहाव में डूब गया है। इसके तुरंत बाद ग्रामीणों ने मशहूर गोताखोर प्रगट सिंह और स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।
किनारे मिले कपड़े, अंधेरे में थमा सर्च अभियान
सूचना मिलते ही गोताखोर प्रगट सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, जहां नहर किनारे वरुण के कपड़े और चप्पल बरामद हुए। इसके बाद तत्काल पानी में उतरकर बच्चे की तलाश शुरू की गई। हालांकि, देर शाम तक पानी का कोना-कोना छानने के बाद भी जब वरुण का कुछ पता नहीं चला, तो अंधेरा गहराने के कारण मजबूरन सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। रात भर गमगीन परिवार और ग्रामीण नहर के किनारे बैठकर किसी चमत्कार की उम्मीद में पहरा देते रहे।
तेज बहाव बना गोताखोरों के लिए मुसीबत
मंगलवार सुबह सात बजे एक बार फिर रोशनी होते ही गोताखोर प्रगट सिंह की अगुवाई में तलाश का काम शुरू किया गया। टीम ने दबखेड़ी पुल से आगे करीब दो किलोमीटर के दायरे में नहर को खंगाला। गोताखोर प्रगट सिंह के मुताबिक नहर में पानी का बहाव बहुत तेज है, जिसके चलते सर्च अभियान में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर पुलिस भी मौके पर कागजी कार्रवाई पूरी कर सहमे हुए बच्चों से पूछताछ कर रही है कि वरुण नहाते वक्त डूबा था या उसका पैर फिसला था।
यह भी पढ़ें– हरियाणा में फिर बदला मौसम का मिजाज, गुरुग्राम और यमुनानगर समेत 8 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट

1 thought on “Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र में ट्यूशन बंक कर भाखड़ा नहर में नहाने गया 13 साल का छात्र डूबा”