September 18, 2026

Narnaul: जिले के प्रत्येक गांव में यूथ क्लबों का किया जाएगा गठन

0
Nnl 1

Narnaul: जिला परिषद के सीईओ निर्मल नागर की अध्यक्षता में आज जिला परिषद कार्यालय में ‘माय भारत’ कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें 15 से 29 वर्ष के युवाओं को इस पोर्टल से जोड़ने और अवसरों का लाभ पहुंचाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
सीईओ निर्मल नागर ने कहा कि जिले के प्रत्येक गांव में यूथ क्लबों का गठन किया जाएगा ताकि ग्रामीण युवाओं को खेल, सांस्कृतिक, सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर ‘माय भारत’ पोर्टल पर उपलब्ध अवसरों के प्रति जागरूक किया जा सके। इस व्यवस्था को सुचारू रूप से लागू करने के लिए जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों और उच्च शिक्षण संस्थानों के पात्र विद्यार्थियों का पोर्टल पर पंजीकरण कराया जाएगा। साथ ही प्रत्येक संस्थान में एक ‘माय भारत’ नोडल अधिकारी और एक ब्रांड एम्बेसडर की नियुक्ति की जाएगी। बैठक के दौरान VBYLD Quiz के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन भी किया गया और शिक्षण संस्थानों से विद्यार्थियों को इस क्विज, स्वतंत्रता दिवस क्विज तथा ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान जैसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस मौके पर जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव ने जानकारी दी कि यह पोर्टल युवाओं को स्वयंसेवा, इंटर्नशिप, नेतृत्व विकास और सामुदायिक भागीदारी के अवसर प्रदान करता है। इस पहल में गति लाने के लिए एनएसएस, एनसीसी, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स तथा हिंदुस्तान स्काउट्स एवं गाइड्स जैसे संगठनों को भी पोर्टल से जोड़ा जा रहा है। इस समीक्षा बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी विशेश्वर कौशिक, जिला खेल अधिकारी नरेंद्र कुंडू, डॉ. अमित चौधरी और मंत्रालय के प्रतिनिधि धर्मपाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed