Rohtak School Case: रोहतक के प्राइवेट स्कूल में दरिंदगी मामला, CCTV तस्वीरों में दिखी मासूम और छात्र, पीड़िता के पिता का धरने का ऐलान
रोहतक के प्राइवेट स्कूल में दरिंदगी मामला, CCTV तस्वीरों में दिखी मासूम और छात्र, पीड़िता के पिता का धरने का ऐलान
Rohtak School Case: रोहतक के एक निजी स्कूल ( Haryana School Assault Case) में बच्ची के साथ हुए यौन उत्पीड़न के सनसनीखेज मामले में अब सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हलचल तेज हो गई है। वायरल हो तस्वीरों में मासूम बच्ची वॉशरूम की ओर जाती दिख रही है, जबकि उसके आगे करीब 10 साल का एक लड़का भी उसी ओर जाता नजर आ रहा है। एक अन्य फुटेज में बच्ची उसी वॉशरूम से बाहर निकलती दिखाई दे रही है।
इससे पहले आई एक अन्य सीसीटीवी रिकॉर्डिंग में 5वीं कक्षा का एक छात्र बच्ची के पास करीब आधे घंटे तक बैठा दिखाई दिया था। इन्हीं तस्वीरों के आधार पर पीड़ित परिवार उस छात्र की भूमिका पर सवाल उठा रहा है। घटना के बाद से ही इलाके के लोगों में भारी गुस्सा देखने को मिल रहा है, वहीं पुलिस इस पूरे मामले की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।
“कार्रवाई के नाम पर टरका रही पुलिस”, पीड़ित पिता ने धरने का किया ऐलान
मामले में पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज होने के बावजूद पीड़ित पिता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पिता का आरोप है कि घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी ठोस कार्रवाई करने के बजाय उन्हें बार-बार टरकाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पहले पीजीआई (PGI) की मेडिकल रिपोर्ट शाम तक आने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तीन दिन का समय मांगा जा रहा है।
प्रशासनिक रवैये से नाराज पिता ने अब धरने पर बैठने की घोषणा की है और हरियाणा के (Nayab Saini Haryana CM) मुख्यमंत्री नायब सैनी से न्याय की गुहार लगाई है। पिता ने स्कूल प्रबंधन पर भी आरोप लगाया कि वे खुद का बचाव करने के लिए सोशल मीडिया पर भ्रामक दावे फैला रहे हैं। उनका कहना है कि पुलिस को सूचना स्कूल ने नहीं, बल्कि अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा एमएलआर काटने के बाद दी गई थी।
अभिभावकों को भेजा छुट्टी का मैसेज, पुलिस बोली- जांच जारी
बढ़ते विवाद और परिजनों के आक्रोश को देखते हुए स्कूल प्रशासन ने आनन-फानन में आगामी आदेशों तक स्कूल (Lakhan Majra Thana)बंद करने का फैसला लिया है। वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए अभिभावकों को भेजे गए संदेश में स्कूल प्रबंधन ने कहा कि सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और वे पुलिस जांच (Rohtak Police Investigation) में पूरी तरह से सहयोग कर रहे हैं।
दूसरी ओर, लाखनमाजरा थाना प्रभारी (SHO) अनिल ने बताया कि एफआईआर दर्ज कर ली गई है और स्कूल के सभी सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर खंगाला जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
