Yamunanagar Road Accident: यमुनानगर में दवाई लेकर लौट रहे भाई की आंखों के सामने मौत, ओवरटेक के दौरान टकराई बाइक
यमुनानगर में दवाई लेकर लौट रहे भाई की आंखों के सामने मौत, ओवरटेक के दौरान टकराई बाइक
Yamunanagar Road Accident: यमुनानगर के सढ़ौरा इलाके (Sadhaura Bike Accident) में रफ्तार का कहर एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन गया। गांव पांडो ( Pando Village Accident)के समीप तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाई जा रही एक बाइक ने आगे निकलने का प्रयास कर रहे दूसरे बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अंबाला जिले के लखनौरा (Ambala Lakhanaura) गांव निवासी मनजीत सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सिर में आई गहरी चोट के कारण अस्पताल में उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस पूरी घटना में सबसे हृदयविदारक पहलू यह रहा कि मनजीत का बड़ा भाई अपनी कार से उसके ठीक पीछे चल रहा था और सब कुछ उसकी आंखों के सामने घटित हुआ।
अस्पताल से दवाई लेकर घर लौट रहा था मनजीत, पीछे कार से आ रहा था भाई
सढ़ौरा थाना पुलिस को दिए अपने बयानों में मृतक के बड़े भाई सोहन सिंह ने बताया कि वे दोनों भाई पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं और मनजीत अभी अविवाहित था। घटना वाले दिन मनजीत अपनी बाइक से यमुनानगर स्थित मेहता अस्पताल में दवाई लेने आया हुआ था। दवाई लेने के बाद वह वापस अपने गांव लखनौरा लौट रहा था। वहीं सोहन सिंह भी अपने किसी व्यक्तिगत काम से सरावा गांव आया था और काम खत्म कर अपनी कार से मनजीत की बाइक के पीछे-पीछे ही घर की तरफ बढ़ रहा था।
अचानक मोड़ दी बाइक, सिर पर लगी गंभीर चोट
सोहन सिंह के मुताबिक, जब मनजीत गांव पांडो के पास पहुंचा तो उसके आगे एक और बाइक चल रही थी, जिस पर एक पुरुष और एक महिला सवार थे। आरोप है कि आगे चल रही बाइक का चालक बेहद तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था। जैसे ही मनजीत ने आगे निकलने के लिए अपनी बाइक से ओवरटेक करना चाहा, सामने वाले चालक ने बिना कोई इशारा दिए अचानक अपनी बाइक मोड़ दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनजीत सड़क पर दूर जा गिरा और उसका सिर सीधे पक्के रास्ते से टकरा गया।
आरोपी चालक मौके से फरार, पुलिस ने दर्ज किया केस
हादसे के तुरंत बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिसका फायदा उठाकर आरोपी बाइक चालक मौके से भागने में कामयाब रहा। सोहन सिंह ने तुरंत डायल-112 (Dial 112 Haryana) को सूचना दी और राहगीरों की मदद से लहूलुहान मनजीत को सढ़ौरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस (Sadhaura Police Station)ने सोहन सिंह के बयानों के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा से मानसून की विदाई तय, दिन में तीखी धूप तो रात में गिरा पारा, जानिए अपने शहर का हाल
