September 23, 2026

Yamunanagar Theft News: यमुनानगर में बीती रात दुस्साहसिक चोरी, घर में सोता रहा परिवार, 3 लाख के जेवर ले उड़े चोर

0
Yamunanagar Theft News: यमुनानगर में बीती रात दुस्साहसिक चोरी, घर में सोता रहा परिवार, 3 लाख के जेवर ले उड़े चोर

यमुनानगर में बीती रात दुस्साहसिक चोरी, घर में सोता रहा परिवार

Yamunanagar Theft News: यमुनानगर शहर की आनंद कॉलोनी (पुराना हमीदा) में बीती रात चोरों ने पुलिस गश्त के दावों की हवा निकाल दी। एक मकान में घुसे शातिर चोरों ने ऊपरी मंजिल पर रखी लोहे की पेटी का ताला और कब्जा उखाड़कर उसमें रखे 30 हजार रुपये नकद व करीब तीन लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त पूरा परिवार भूतल (नीचे के कमरे) में सो रहा था, जिससे वे बेखबर रहे।

फैक्ट्री में मजदूरी करने वाली गृहणी शीला ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे अचानक ऊपर वाले कमरे से कुछ गिरने का तेज धमाका हुआ। आहट सुनते ही वह घबराकर उठी और परिजनों को जगाया। जब परिवार के लोग भागकर ऊपर पहुंचे, तो कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अलमारी और पेटी के ताले टूटे थे और पूरे कमरे में सामान बिखरा पड़ा था।

सोने-चांदी के जेवरात समेट भागे चोर, 3 लाख से ज्यादा का नुकसान

पीड़ित परिवार ने जब तुरंत सामान खंगाला, तो पेटी में रखे 30 हजार रुपये नकद गायब थे। इसके अलावा चोरों ने तिजोरी में रखे गहनों पर भी हाथ साफ कर दिया था। चोरी गए सामान में एक सोने का हार (नेकलेस सेट), दो मंगलसूत्र, माथे का टीका और आधा तोला वजनी सोने की नथ शामिल है।

केवल सोने के ही नहीं, बल्कि चोर भारी-भरकम चांदी के आभूषण भी समेट ले गए। इनमें छह तोले की दो जोड़ी पाजेब और लगभग सात तोले का चांदी का कमरबंद शामिल है। पीड़िता के मुताबिक चोरी हुए कुल आभूषणों की बाजार में कीमत तीन लाख रुपये से अधिक है। परिवार का मानना है कि जैसे ही उनके जागने और ऊपर आने की भनक चोरों को लगी, वे छत के रास्ते अंधेरे का फायदा उठाकर चंपत हो गए।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा

वारदात की सूचना मिलते ही हमीदा चौकी पुलिस और सिटी पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ चोरी और सेंधमारी का मामला दर्ज कर लिया गया है।

यमुनानगर सिटी थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर गहनता से जांच की जा रही है। आनंद कॉलोनी और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते का सुराग लग सके। थाना प्रभारी ने दावा किया है कि स्थानीय इनपुट के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ जारी है और जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।

यह भी पढ़ें– हरियाणा में फिर बदलेगा मौसम, 28 से 30 सितंबर के बीच बारिश के आसार; किसान रहें सावधान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed