Narnaul: आयुर्वेद दिवस पर वृद्वजनों के जोड़ों के दर्द, गठिया बाय एवं शारीरिक कमजोरी आदि समस्याओं का निवारण किया
Narnaul: ग्यारहवें अंतर्राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में बाबा खेतानाथ राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल पटीकरा में निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया।
चिकित्सा अधीक्षक एवं प्रिंसिपल प्रोफेसर डॉ श्रीनिवास गुज्जरवार ने बताया कि इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम ‘‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’’ है। शिविर में लगभग 215 रोगियों की निशुल्क जांच कर आवश्यकतानुसार निशुल्क औषधियां वितरित की गईं तथा रोगियों को योग, उचित आहार एवं स्वस्थ दिनचर्या के बारे में जानकारी दी। हाई बीपी, शुगर, श्वास एवं पाचन संबंधी समस्या, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग इत्यादि के बारे में परामर्श एवं चिकित्सा प्रदान की गई। वृद्वजनों के जोड़ों के दर्द, गठिया बाय एवं शारीरिक कमजोरी आदि समस्याओं का निवारण किया गया।
इस अवसर पर औषधीय पौधों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें आमजन को विभिन्न औषधीय पौधों की पहचान एवं उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के नोडल अधिकरी डॉ कुलभूषण शर्मा के अनुसार संस्थान में आयुर्वेद दिवस के तहत पिछले 10 दिन से विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं वर्कशॉप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों द्वारा बढ़ चढ़कर भाग लिया गया एवं विजेताओं को सर्टिफिकेट वितरित किए गए। प्रधानाचार्य श्रीनिवास गुज्जरवार के निर्देशन में रसशास्त्र एवं भैषज्य कल्पना विभाग और द्रव्यगुण विभाग के फैकल्टी द्वारा विभिन्न यूरोपियन देशो से आए हुए विदेशी प्रैक्टिशनर्स के लिए दो दिवसीय वर्कशॉप का आयोजन किया गया जिसमें दोनों विभागों द्वारा प्रकाशित पुस्तिकाओं का विमोचन करते हुए आयुर्वेदिक औषध निर्माण एवं मेडिसिनल जड़ी बूटियों की पहचान के बारे में जानकारी प्रदान की गई।
शिविर में चिकित्सा उप अधीक्षक डॉ अनिल यादव, डा. शिवजी धाकड़, डॉ. ऋतु, डॉ. दीपिका, डा. प्रियंका, डॉ. रवीना, डॉ. ऋतु, डॉ. मालविका सहित संस्थान के स्पेशलिस्ट डॉक्टर एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
