Ambala Cantt: अंबाला कैंट में थाने से 100 मीटर दूर खूनी जंग, बीजेपी पार्षद और इनेलो प्रवक्ता में विवाद, वीडियो वायरल
अंबाला कैंट में थाने से 100 मीटर दूर खूनी जंग, बीजेपी पार्षद और इनेलो प्रवक्ता में विवाद, वीडियो वायरल
Ambala Cantt: महेशनगर थाने से चंद कदमों की दूरी पर स्थित अजीतनगर (Ajitnagar Street ) इलाके में बुधवार को हुआ विवाद अब बड़े सियासी और कानूनी संग्राम में बदल गया है। गली निर्माण को लेकर छिड़े इस विवाद में हाथापाई और पथराव का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति कारोबारी राजेश शर्मा के सिर पर हमला कर भागता दिख रहा है और उसके ठीक पीछे बीजेपी पार्षद (BJP Councillor ) रमन छतवाल भी भागते नजर आ रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस ने पार्षद पक्ष की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए इनेलो (INLD Spokesperson )के प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह, कारोबारी राजेश शर्मा और उनके परिजनों पर केस दर्ज कर लिया है।
घटना के केंद्र में अजीतनगर के गेट नंबर 5 के पास कई महीनों से अधर में लटका गली का निर्माण कार्य है। स्थानीय कारोबारी राजेश शर्मा का आरोप है कि पार्षद रमन छतवाल रंजिश के तहत उनके घर के सामने की गली का काम रुकवाकर बैठे हैं। बुधवार सुबह करीब 11 बजे इनेलो प्रवक्ता ओंकार सिंह कारोबारी की समस्या सुनने उनके घर पहुंचे थे। आरोप है कि जब राजेश शर्मा गली में खड़े होकर इनेलो नेता को अपनी आपबीती बता रहे थे, तभी पार्षद अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और कहासुनी के बाद नौबत मारपीट तक आ गई।
सिर से बहता रहा खून, आया हार्ट अटैक फिर भी पीड़ित परिवार पर ही दर्ज हो गया पर्चा: इनेलो
इनेलो प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह ने एक वीडियो बयान जारी कर अंबाला पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। ओंकार सिंह का कहना है कि वे अंबाला कैंट की जनता की समस्याएं उठाने से पीछे नहीं हटने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रमन छतवाल और उनके साथियों ने मौके पर उनके साथ बदतमीजी और धक्का-मुक्की करने की कोशिश की थी।
इनेलो नेता ने कहा कि झगड़े में कारोबारी राजेश शर्मा का सिर फट गया और सदमे के कारण उन्हें हार्ट अटैक तक आ गया। इसके बावजूद पुलिस ने पीड़ित का पक्ष सुनने या हमलावरों पर कार्रवाई करने के बजाय पार्षद की मनगढ़ंत कहानी पर भरोसा किया और पूरे शर्मा परिवार को ही मुकदमों में नामजद कर दिया। उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए थाने में अपनी लिखित शिकायत सौंपी है।
पार्षद रमन छतवाल का पलटवार—’चाकू और ईंट से हुआ हमला, दोस्त ने जान बचाई’
दूसरी ओर, बीजेपी पार्षद रमन छतवाल ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बिल्कुल अलग दावा किया है। छतवाल के अनुसार, वह वार्ड में चल रहे विकास कार्यों का रूटीन निरीक्षण करने निकले थे। जैसे ही वह राजेश शर्मा के घर के पास पहुंचे, तो ओंकार सिंह, राजेश शर्मा और उनके परिवार ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
पार्षद का आरोप है कि विरोध करने पर कारोबारी का बेटा आशुतोष घर से चाकू ले आया और जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए उनके साथी कुलविंदर के सिर पर ईंट मारी गई और पेट में चाकू से वार किया गया। छतवाल का कहना है कि यदि कुलविंदर बीच में न आता तो हमलावर उनकी हत्या कर देते। फिलहाल महेशनगर थाना पुलिस (Maheshnagar Thana Ambala ) ने दोनों पक्षों के वीडियो फुटेज कब्जे में ले लिए हैं और आसपास लगे कैमरों के आधार पर प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर जांच आगे बढ़ा रही है।
यह भी पढ़ें– हरियाणा से मानसून की विदाई, 21 जिलों में बदला मौसम, जानिए कब होगी बारिश
