September 23, 2026

Ambala News: अंबाला में विकास कार्य बना जंग का मैदान, BJP पार्षद और परिवार के बीच खूनी संघर्ष, एक चंडीगढ़ PGI रेफर

0
Ambala News: अंबाला में विकास कार्य बना जंग का मैदान, BJP पार्षद और परिवार के बीच खूनी संघर्ष, एक चंडीगढ़ PGI रेफर

अंबाला में विकास कार्य बना जंग का मैदान, BJP पार्षद और परिवार के बीच खूनी संघर्ष

Ambala News: अंबाला कैंट के वार्ड नंबर 10 में मंगलवार को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब गली निर्माण और सफाई के मुद्दे को लेकर स्थानीय बीजेपी पार्षद और एक परिवार आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से चले लाठी-डंडों व हाथापाई में कई लोग लहूलुहान हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 10 में सड़क व गली निर्माण के साथ सफाई का काम कराया जा रहा था। इसी दौरान बीजेपी पार्षद रमन छतवाल और इलाके के ही एक परिवार के सदस्यों के बीच काम के तरीकों और जगह को लेकर बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो देखते ही देखते माहौल इतना गर्मा गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और उनके बीच जमकर लात-घूंसे चले।

सिर से बहता खून और नारेबाजी: वायरल हुआ घटना का वीडियो

हादसे के तुरंत बाद इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। वायरल वीडियो में दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति सिर में गंभीर चोट लगने के कारण खून से लथपथ हालत में नजर आ रहा है। वहीं, उसके आसपास खड़े परिवार के लोग और महिलाएं उग्र होकर ‘गुंडागर्दी बंद करो’ के नारे लगाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, प्रशासनिक स्तर पर इस वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है।

हादसे में दूसरे पक्ष के राजेश शर्मा नामक व्यक्ति को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत चंडीगढ़ स्थित पीजीआई (PGI) के लिए रेफर कर दिया।

अस्पताल पहुंची पुलिस, दोनों पक्षों के दर्ज किए जा रहे बयान

घटना के बाद घायल पार्षद रमन छतवाल और दूसरे पक्ष के घायलों को इलाज के लिए अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल लाया गया। वारदात की सूचना मिलते ही महेश नगर थाना पुलिस की टीम दल-बल के साथ अस्पताल पहुंची और स्थिति को संभाला।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल में जेरे-इलाज दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। महेश नगर थाना प्रभारी का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, पीड़ितों के बयान और मौके से मिलने वाले साक्ष्यों के साथ-साथ वायरल वीडियो की गहनता से जांच की जाएगी। जो भी पक्ष दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

यह भी पढ़ें– शाहाबाद हाईवे पर किसानों का पक्का डेरा, धान खरीद पर अड़े चढूनी, टिकैत गुट ने दिया समर्थन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed